कल्पना मिश्रा के पिता अस्पताल में भर्ती, 15 दिन से कर रहे थे भूख हड़ताल; पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से हटाया
रीवा के सिरमौर चौराहे पर कल्पना मिश्रा मामले में न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे परिजनों और आंदोलनकारियों को प्रशासन ने हटाया. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है.
रीवा के सिरमौर चौराहे पर करीब 15 दिन से न्याय की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे कल्पना मिश्रा के पिता रामशरण मिश्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि पुलिस प्रशासन उन्हें प्रदर्शन स्थल से उठाकर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल ले गया.
दरअसल, संजय गांधी अस्पताल में कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद से उनके पिता न्याय की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे. लगातार भूख हड़ताल के चलते उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी. परिजनों और आंदोलनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने बुधवार को प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर उन्हें जबरन हटा दिया. इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर गई और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
15 दिन से जारी था आंदोलन
कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की मौत के मामले में परिजन जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और FIR की मांग कर रहे हैं. इसी मांग को लेकर रामशरण मिश्रा करीब 15 दिनों से धरने और भूख हड़ताल पर बैठे.
प्रदर्शन स्थल पर प्रशासन की कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस के आंदोलनकारियों को हटाए जाने के बाद मौके पर भी पुलिस बल मौजूद रहा. फिलहाल रामशरण मिश्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, कल्पना मिक्षा की मौत के मामले मे परिजनों की कार्रवाई और न्याय की मांग लगातार बनी हुई है.
पहले भी हो चुकी है प्रशासनिक कार्रवाई
कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में प्रशासन की ओर से पहले ही कुछ डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है. मामले की मजिस्ट्रियल जांच के भी निर्देश दिए गए हैं. जांच में CCTV फुटेज, ड्यूटी रिकॉर्ड और अस्पताल से जुड़े अन्य दस्तावेजों को शामिल करने की मांग भी सामने आई है.
अब 15वें दिन प्रशासन ने सिरमौर चौराहे पर चल रहे धरने को हटाया है. कार्रवाई के बाद आंदोलनकारियों को पुलिस अपने साथ ले गई. फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

