CG HC को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल मिलने के बाद सुनवाई रोकी, खाली कराया गया कैंपस
बालोद और बेमेतरा जिला कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। सौरभ विश्वास के नाम से आया मेल। स्पेशल टीम इस मामले की जांच में जुटी।
छत्तीसगढ़ में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट समेत बालोद और बेमेतरा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और एहतियातन हाईकोर्ट परिसर में चल रही सभी सुनवाई को रोक दिया गया। साथ ही कोर्ट परिसर को खाली कराकर वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाल दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, धमकी मिलने के बाद हाईकोर्ट परिसर में बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमों को तैनात किया गया है, जो पूरे इलाके की सघन जांच कर रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
बेमेतरा और बालोद जिला कोर्ट को भी मिली धमकी
इससे पहले सोमवार सुबह बेमेतरा जिला न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी धमकी भरा संदेश मिला था। ईमेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद तुरंत कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और आसपास के इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमों ने पूरे परिसर की जांच की, जबकि साइबर टीम ईमेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुट गई है।
बालोद जिला-सत्र न्यायालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे जिला-सत्र न्यायालय की मेल आईडी पर यह संदेश आया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एहतियातन कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया और वहां मौजूद वकीलों, कर्मचारियों तथा आम लोगों को बाहर निकाल दिया गया। साथ ही कोर्ट के आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई।
सौरभ विश्वास के नाम से आया मेल, जांच में जुटी पुलिस
करीब 12 बजे बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू की गई। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात कर दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि धमकी भरा ईमेल “सौरभ विश्वास” नाम की ईमेल आईडी से भेजा गया है। पुलिस इस मामले में सौरभ विश्वास के नाम से एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ईमेल वास्तव में किसने भेजा और इसका उद्देश्य क्या था। साइबर विशेषज्ञ भी इस मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 24 और 25 फरवरी को बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला कोर्ट को इसी तरह की धमकी भरे ईमेल मिले थे। हालांकि उस समय जांच के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली थी। प्रशासन के अनुसार कोर्ट परिसर के आसपास तहसील कार्यालय, कचहरी समेत कई सरकारी कार्यालय और बड़ी संख्या में दुकानें मौजूद हैं, जिसके कारण यह इलाका हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है। ऐसे में किसी भी तरह के खतरे से बचने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस की विशेष टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमकी कितनी गंभीर थी और इसके पीछे किसका हाथ है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठा रही हैं।
Varsha Shrivastava 
