3200 करोड़ की ठगी के आरोपी लविश चौधरी के गुर्गों पर STF की नजर; भोपाल में जल्द होगी बड़ी कार्रवाई

लविश चौधरी से जुड़े गिरोह के सदस्यों की भोपाल समेत देशभर में मौजूद संपत्तियों का पूरा ब्यौरा खंगाला जा चुका है।

3200 करोड़ की ठगी के आरोपी लविश चौधरी के गुर्गों पर STF की नजर; भोपाल में जल्द होगी बड़ी कार्रवाई

निवेश के नाम पर देश के कई राज्यों में करीब 3200 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले लविश चौधरी के खिलाफ अब जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। स्पेशल टास्क फोर्स STF ने लविश और उसके गुर्गों के खिलाफ अहम प्रमाण जुटा लिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, लविश चौधरी से जुड़े गिरोह के सदस्यों की भोपाल समेत देशभर में मौजूद संपत्तियों का पूरा ब्यौरा खंगाला जा चुका है। जांच एजेंसियां अब नेटवर्क से जुड़े लोगों की गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन की गहराई से पड़ताल कर रही है।

बताया जा रहा है कि लविश चौधरी के भोपाल में रहने वाले कई करीबी सहयोगियों और गुर्गों की उसके साथ मौजूद तस्वीरें एवं अन्य अहम सबूत STF तक पहुंच चुके हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां लगातार इनपुट जुटाने में लगी हुई हैं और पूरे नेटवर्क पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने अब तक कई अहम जानकारियां इकट्ठा कर ली हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भोपाल में बड़ी कार्रवाई हो सकती है, जिसमें कई चेहरों का खुलासा होने की संभावना है।