18वें रोजगार मेले में 61 हजार युवाओं को मिलेंगे जॉब लेटर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 18वें रोजगार मेले में 61 हजार जॉब लेटर बांटेंगे। देशभर के 45 स्थानों पर आयोजन होगा। अब तक 11 लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी मिल चुकी है।

18वें रोजगार मेले में 61 हजार युवाओं को मिलेंगे जॉब लेटर
GOOGLE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 18वें रोजगार मेले के दौरान देशभर के युवाओं को 61 हजार से ज्यादा जॉब लेटर बांटेंगे। ये भर्तियां गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत कई अन्य विभागों में की गई हैं।

45 अलग-अलग स्थानों पर होंगे आयोजित 

यह रोजगार मेला देश के 45 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। इससे पहले पिछला रोजगार मेला 24 अक्टूबर 2025 को हुआ था। प्रधानमंत्री मोदी ने रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को की थी। तब से अब तक 11 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के जॉब लेटर दिए जा चुके हैं।

पिछले साल अक्टूबर में हुए 17वें रोजगार मेले में पीएम मोदी ने कहा था कि आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और सरकार युवाओं की ताकत को देश की सबसे बड़ी पूंजी मानती है। उन्होंने कहा था कि भारत की नीतियां, यहां तक कि विदेश नीति भी, युवाओं के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए शुरू किए गए प्रतिभा सेतु पोर्टल का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि जो उम्मीदवार यूपीएससी की अंतिम सूची तक पहुंचे, लेकिन चयन नहीं हो पाया, उनकी मेहनत अब बेकार नहीं जाएगी। ऐसे युवाओं को निजी और सरकारी संस्थाएं इस पोर्टल के जरिए इंटरव्यू के लिए बुला सकती हैं और उन्हें नौकरी के अवसर दे सकती हैं।

11 रोजगार मेलों में 7 लाख से ज्यादा युवाओं को दिए जॉइनिंग लेटर

रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में हुई थी। उस समय प्रधानमंत्री ने कहा था कि सरकार का लक्ष्य 2023 के अंत तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देना है। नवंबर 2023 तक 11 रोजगार मेलों में 7 लाख से ज्यादा युवाओं को जॉइनिंग लेटर दिए गए। 2025 में यह आंकड़ा 11 लाख के पार पहुंच गया। वहीं, लोकसभा चुनाव से पहले 12 फरवरी 2024 को हुए 12वें रोजगार मेले में रिकॉर्ड 1 लाख जॉब लेटर बांटे गए थे।