धमाकों से दहला पंजाब: 3 घंटे के अंदर जालंधर-अमृतसर में BSF हेडक्वार्टर के पास ब्लास्ट, CM मान बोले- BJP चुनाव से पहले ब्लास्ट-दंगे कराती है

पंजाब में 3 घंटे के भीतर दो जोरदार धमाकों के मचा हड़कंप। जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के पास IED ब्लास्ट। अमृतसर में आर्मी कैंप पर हुआ ग्रेनेड अटैक। 

धमाकों से दहला पंजाब: 3 घंटे के अंदर जालंधर-अमृतसर में BSF हेडक्वार्टर के पास ब्लास्ट, CM मान बोले- BJP चुनाव से पहले ब्लास्ट-दंगे कराती है

3 घंटे के अंदर एक के बाद एक जोरदार धमाकों से पंजाब दहल उठा। पहले अमृतसर में आर्मी कैंप पर हुआ ग्रेनेड अटैक हुआ। इसके बाद जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के पास IED ब्लास्ट हुआ गनीमत रही कि धमाके में किसी को चोट नहीं लगी। इस ब्लास्ट का वीडियो भी सामने आया है। वहीं, DGP गौरव यादव ने अमृतसर पहुंचकर ब्लास्ट की जगह का जायजा लिया है।

श्री आनंदपुर साहिब से शुक्राना यात्रा के दौरान पंजाब CM भगवंत मान ने कहा कि ये ब्लास्ट भाजपा के इलेक्शन की तैयारी है। भाजपा छोटे-मोटे ब्लास्ट करवाकर लोगों को डराकर वोट लेना चाहती है। ये भाजपा का स्टाइल है। चुनाव वाले स्टेट में ब्लास्ट और दंगे करवा दो।

जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के पास IED ब्लास्ट

पंजाब के जालंधर में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब पीएपी चौक के पास BSF हेडक्वार्टर के नजदीक एक स्कूटी के पास जोरदार धमाका हुआ। शुरुआती जांच में इसे IED ब्लास्ट बताया जा रहा है। घटना रात करीब 7:57 बजे की है।

सूत्रों के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति को पीएपी चौक की ओर से पैदल आते हुए देखा गया था। वह फुटपाथ पर खड़ी एक्टिवा के पास पहुंचा और एक पॉलिथीन में लिपटा पैकेट छोड़कर तेजी से वहां से भाग गया। कुछ ही सेकेंड बाद जोरदार धमाका हो गया।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम को विस्फोट के अवशेष मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। जिस वाहन के पास धमाका हुआ, वह एक पूर्व BSF जवान के परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अमृतसर आर्मी कैंप के पास ग्रेनेड हमला

इसी रात अमृतसर में भी सुरक्षा बलों पर हमला हुआ। खासा स्थित आर्मी कैंप के गेट के पास रात करीब 11 बजे बाइक सवार दो नकाबपोश लोगों ने ग्रेनेड फेंका। धमाका गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार के पास हुआ, जिससे वहां लगा टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाके की आवाज सुनते ही सेना और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

खालिस्तानियों ने ली हमले की जिम्मेदारी

इन घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर “खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA)” नाम के संगठन की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है। पंजाब पुलिस, फोरेंसिक टीमें और अन्य सुरक्षा एजेंसियां दोनों घटनाओं की जांच में जुटी हैं। वहीं, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के भी मामले में शामिल होने की बात कही जा रही है।

जालंधर में यह धमाका मुख्यमंत्री भगवंत मान के दौरे से पहले हुआ है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।