भोपाल में 26 जनवरी की परेड होगी सबसे लंबी, 23 प्लाटून और 1300 जवान होंगे शामिल
भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर 26 जनवरी को राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड होगी। परेड में 23 प्लाटून, 1300 जवान, केंद्रीय बलों की टुकड़ियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे।
राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड इस बार खास होने जा रही है। इस साल यह अब तक की सबसे लंबी परेड में से एक होगी। परेड में कुल 23 प्लाटून शामिल होंगी, जिनमें करीब 1300 जवान और डॉग स्क्वॉड भी रहेगा। परेड के बाद स्कूली बच्चों और आदिवासी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस परेड की आज फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। रिहर्सल समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगुभाई पटेल होंगे। इस दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन, डीजीपी कैलाश मकवाणा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सातवीं बटालियन के कमांडेंट हितेष चौधरी ने बताया कि इस साल परेड में 23 प्लाटून शामिल होंगी। परेड के बाद स्कूली छात्रों और आदिवासी कलाकारों के कार्यक्रम होंगे और अंत में अलग-अलग सरकारी विभागों की झांकियां निकाली जाएंगी। परेड की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
परेड की कमान महिला अधिकारी के पास भी
इस बार परेड के कमांडर आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ होंगे, जो फिलहाल ग्वालियर में एसडीओपी के पद पर तैनात हैं। वहीं परेड की सेकेंड कमांडर रतलाम की डीएसपी नीलम होंगी। खास बात यह है कि करीब 10 साल बाद एनएसएस का दल भी परेड में शामिल किया गया है। इसके अलावा एमपी पुलिस, एसएएफ, पुलिस बैंड, एनसीसी (गर्ल्स और बॉयज विंग), स्काउट गाइड और महिला शौर्य दल भी परेड का हिस्सा होंगे। पुलिस बैंड देशभक्ति की धुनें बजाते हुए मंच के सामने से गुजरेगा।
केंद्रीय बलों की भी भागीदारी
इस बार परेड में तीन केंद्रीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियां भी शामिल होंगी। इनमें आईटीबीपी, सीआरपीएफ और सीआईएसएफ की प्लाटून शामिल हैं। गृह विभाग की झांकी में डायल 112 सेवा और शहीद स्मारक को दिखाया जाएगा। अन्य विभागों की झांकियों में मध्य प्रदेश की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
गणतंत्र दिवस समारोह में करीब 10 हजार लोगों के आने की संभावना है। दर्शकों के बैठने के लिए लाल परेड मैदान के बाहर तिरंगे रंग के डोम बनाए गए हैं, जिन्हें केसरिया, सफेद और हरे रंग के पर्दों से सजाया गया है। वीआईपी और वीवीआईपी के लिए अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जबकि आम दर्शकों के लिए अलग गेट से प्रवेश होगा। सुरक्षा के लिए 500 से ज्यादा पुलिस जवानों के साथ डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड भी तैनात रहेंगे।
DRASHTI JAIN 
