Republic Day 2026: MP में 14 जिलों के कार्यक्रम बदले, अब विजय शाह खंडवा में फहराएंगे झंडा

मध्य प्रदेश में 26 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले 77वें गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में संशोधन किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने संशोधित आदेश जारी कर राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समारोहों में बदलाव किए हैं।

Republic Day 2026: MP में 14 जिलों के कार्यक्रम बदले, अब विजय शाह खंडवा में फहराएंगे झंडा

मध्य प्रदेश में 26 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले 77वें गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में संशोधन किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने संशोधित आदेश जारी कर राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समारोहों में बदलाव किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव भोपाल के राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में हुआ है।

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर अब भोपाल के लाल परेड मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होंगी और मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। पहले यह कार्यक्रम सीहोर जिला स्तरीय समारोह में उनकी उपस्थिति का था, लेकिन संशोधन के बाद सीहोर में अब जिला कलेक्टर झंडा फहराएंगे।

इसी तरह मंत्री विजय शाह अब अपने गृह जिले खंडवा में झंडा फहराएंगे। पहले विजय शाह को रतलाम जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था, लेकिन संसोधन के बाद वे खंडवा में झंडा फहराएंगे। बता दें कि विजय शाह को रतलाम में मुख्य अतिथि बनाए जाने के फैसले पर कांग्रेस ने विरोध जताया था। कांग्रेस का कहना था कि जिस मंत्री पर देश की बेटी और भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है, उसे गणतंत्र दिवस जैसे गरिमामय राष्ट्रीय पर्व पर मंच देना गलत संदेश देता है।

संशोधित आदेश के अनुसार, कुल 14 जिलों के जिला स्तरीय कार्यक्रमों में बदलाव किया गया है। इनमें से 6 जिलों में अब जिला कलेक्टर मुख्य अतिथि बनकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। यह संशोधन विभिन्न कारणों से किया गया है, जिसमें पहले घोषित अतिथियों की उपलब्धता या अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं।

गौरतलब है कि राज्य स्तर पर मुख्य समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल भोपाल में ध्वजारोहण करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में अपने गृह जिले में तिरंगा फहराएंगे। अन्य मंत्रियों और विधायकों की जिम्मेदारियां भी जिलावार तय की गई हैं।