लोकसभा में हंगामे के बाद कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित, स्पीकर बोले- विपक्ष का आचरण सही नहीं
FCRA बिल पर संसद में घमासान के आसार, FCRA संशोधन बिल पर चर्चा संभव, Amit Shah दे सकते हैं जवाब, विपक्ष का NEET पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर हंगामा
संसद के मानसून सत्र का 6 अगस्त गुरुवार को 14वां दिन है। आज भी सदन में हंगामा हुआ और विपक्ष के विरोध के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। वहीं, राज्यसभा में हंगामे के बीच कार्यवाही करीब आधे घंटे चल पाई। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने कहा कि विपक्ष का आचरण सही नहीं है। देश सरकार का जवाब सुनना चाहता है, लेकिन विपक्ष सदन चलने नहीं दे रहा है।
विदेशी फंड से जुड़े बिल पर चर्चा
आज विदेशी चंदे से जुड़े Foreign Contribution (Regulation) Amendment Bill (FCRA) पर लोकसभा में चर्चा होने की संभावना है। यह बिल इसी साल बजट सत्र में पेश किया गया था, लेकिन उस समय इस पर विस्तार से चर्चा नहीं हो सकी थी। अब मानसून सत्र के दौरान सरकार इसे सदन में चर्चा के लिए ला सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah बिल पर सरकार का पक्ष रख सकते हैं।
क्या है FCRA संशोधन बिल?
FCRA कानून यह तय करता है कि भारत में कौन-कौन से NGO, ट्रस्ट, धार्मिक और सामाजिक संगठन विदेश से मिलने वाला चंदा या डोनेशन ले सकते हैं और उसका उपयोग किन उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस कानून का उद्देश्य विदेशी धन का इस्तेमाल देश की सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय हित के खिलाफ होने से रोकना है। संशोधन के जरिए नियमों को और प्रभावी बनाने की तैयारी की गई है।
विपक्ष के हंगामे से बाधित हो रही कार्यवाही
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से चल रहा है, लेकिन अब तक लोकसभा की कार्यवाही लगातार हंगामे की वजह से प्रभावित रही है। विपक्ष सदन में Amit Shah की अनुपस्थिति का मुद्दा भी उठा रहा है। साथ ही NEET पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सरकार से जवाब मांग रहा है। लगातार विरोध के कारण प्रश्नकाल भी कई दिनों तक ठीक से नहीं चल पाया।
सरकार और विपक्ष आमने-सामने
हंगामे के बीच अब तक लोकसभा में पांच विधेयक बिना चर्चा के पारित हो चुके हैं। ऐसे में FCRA संशोधन बिल पर होने वाली संभावित चर्चा पर सभी की नजर है। माना जा रहा है कि सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
Varsha Shrivastava 
