असम चुनाव के लिए BJP की पहली लिस्ट जारी, केरल के लिए भाजपा की दूसरी सूची में 39 नाम घोषित

केरल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की अब तक जारी दो लिस्ट में 86 कैंडिडेट्स के नाम घोषित। असम सीएम हिमंता जालुकबारी से 6वीं बार चुनाव लड़ेंगे।

असम चुनाव के लिए BJP की पहली लिस्ट जारी, केरल के लिए भाजपा की दूसरी सूची में 39 नाम घोषित

असम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी की पहली लिस्ट में सीएम हिमंता बिस्व सरमा सहित 88 नाम हैं। हिमंता अपनी परंपरागत सीट जालुकबारी से छठवीं बार चुनाव लड़ने जा रहें हैं।

वहीं एक दिन पहले भाजपा जॉइन करने वाले कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई को भी दिसपुर से टिकट दिया गया है। इसके अलावा 25 दिन पहले भाजपा में आए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा को भी टिकट दिया गया है। बता दें, असम में 126 विधानसभा सीटें हैं।

केरल के लिए जारी BJP की दूसरी लिस्ट में 39 नाम

केरल विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने आज अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी की है। इस लिस्ट में 39 नाम शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी अब तक कुल 86 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने धर्मडम विधानसभा सीट से अपना नॉमिनेशन दाखिल किया है। 

शशि थरूर का मुख्यमंत्री पद पर बयान

इसी बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने स्पष्ट किया है कि वे मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं और न ही वे इस चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चयन निर्वाचित विधायकों में से ही होना चाहिए, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत बनी रहे।

असम और केंद्र की चुनावी रणनीति

असम विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में BJP की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। बैठक में असम और पुडुचेरी के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई और चुनावी रणनीति पर विचार किया गया।

पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल

पुडुचेरी चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बैठक की। वहीं पश्चिम बंगाल में पूर्व TMC नेता हुमायूं कबीर की नई पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) ने 182 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

केरल विधायकों पर आपराधिक मामलों की रिपोर्ट

एक रिपोर्ट के अनुसार, केरल के 132 मौजूदा विधायकों के हलफनामों की जांच में पाया गया कि 92 विधायकों पर आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें से 33 विधायकों पर गंभीर आपराधिक आरोप भी दर्ज हैं, जिनमें हत्या और हत्या के प्रयास जैसे मामले शामिल हैं।