छिंदवाड़ा बस हादसा: पीड़ित परिवारों से मिले CM मोहन यादव, 8-8 लाख रुपये सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले की मोहखेड़ तहसील के ग्राम करेर पहुंच कर छिंदवाड़ा बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से भेंट कर ढांढस बंधाया।
छिंदवाड़ा। जिले में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद डॉ. मोहन यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपना दिल्ली दौरा बीच में ही छोड़ दिया और सीधे घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मोहखेड़ तहसील के ग्राम करेर, ग्वारा और झिरिया पहुंचकर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को सांत्वना दी और घायलों का हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के चेहरे पर इस दुखद घटना की पीड़ा साफ झलक रही थी। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना बेहद दुखद है और प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने की 8-8 लाख रुपये की सहायता की घोषणा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को कुल 8-8 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसमें 4 लाख रुपये राज्य सरकार की ओर से और 4 लाख रुपये संबल योजना के तहत प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी घायलों का इलाज पूरी तरह निशुल्क कराया जाएगा और उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर घायल की देखभाल परिवार के सदस्य की तरह की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने त्वरित कदम उठाए हैं। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग का एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से घायलों के इलाज की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके साथ ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर और नागपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी भेजी गई है।
दिल्ली का कार्यक्रम छोड़ छिंदवाड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत प्रभारी मंत्री को छिंदवाड़ा रवाना किया था, ताकि राहत और बचाव कार्यों में कोई देरी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली में व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद मुख्यमंत्री लगातार छिंदवाड़ा हादसे पर नजर बनाए हुए थे। रामनवमी के अवसर पर भी वे पीड़ितों की स्थिति को लेकर चिंतित रहे और पल-पल घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे। दिल्ली से लौटते ही उन्होंने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर सीधे छिंदवाड़ा पहुंचना उचित समझा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की और निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार केवल सहायता ही नहीं, बल्कि संवेदनात्मक रूप से भी हर परिवार के साथ खड़ी है।
Varsha Shrivastava 
