बलौदाबाजार: प्राइवेट स्टील प्लांट में ब्लास्ट से 6 लोगों की मौत, 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार में स्पंज आयरन प्लांट में ब्लास्ट, 6 लोगों की मौत, 5 मजदूर गंभीर घायल, मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका

बलौदाबाजार: प्राइवेट स्टील प्लांट में ब्लास्ट से 6 लोगों की मौत, 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में प्राइवेट स्टील प्लांट में ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं 5 मजदूर गंभीर रुप से घायल बताए जा रहें हैं। इसके अलावा मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि प्लांट में धमाका किसी तकनीकी खराबी या दबाव के कारण हुआ है। फिलहाल टीम जांच कर रही है।

गर्म कोयला और मलबा मजदूरों पर गिरा

पूरा मामला बकुलाही इलाके में स्थित स्पंज आयरन प्लांट का है। विस्फोट प्लांट की कोल भट्टी (कोल किल्न) में 22 जनवरी गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे हुआ। धमाके के बाद दूर तक धुएं का गुबार दिखा। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। डस्ट सेटलिंग चैंबर (DSC) में ब्लास्ट के दौरान गर्म कोयला और मलबा नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया, जिससे कई लोग झुलस गए। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य शुरु किया और तुरंत घायलों को तत्काल भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, 5 घायलों को बिलासपुर बर्न ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

घायलों के नाम

  • मोताज अंसारी (26) कारपेंटर
  • सराफत अंसारी (32) कारपेंटर
  • साबिर अंसारी (37) कारपेंटर
  • कल्पू भुइया (51) हेल्पर
  • रामू भुइया 34 हेल्पर

प्लांट सील, प्रबंधन से पूछताछ

मौके पर पहुंची कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के साथ जिला प्रशासन की टीम ने रियल स्टील प्लांट को सील कर दिया। प्लांट प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। बता दें स्पंज आयरन प्लांट में लौह अयस्क (Iron Ore) से स्पंज आयरन तैयार किया जाता है। यह प्रक्रिया डायरेक्ट रिडक्शन तकनीक से होती है, जिसमें कोयला या गैस की मदद से अयस्क से ऑक्सीजन हटाई जाती है। इससे बना स्पंज आयरन आगे चलकर स्टील बनाने का कच्चा माल होता है, जिसे स्टील प्लांट में भेजा जाता है।