सीनियर IPS रतन लाल डांगी सस्पेंड: यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद जांच जारी

छत्तीसगढ़ सरकार ने सीनियर IPS रतन लाल डांगी को किया निलंबित। डांगी पर कुछ दिन पहले SI की पत्नी ने लगाए थे यौन उत्पीड़न के आरोप।

सीनियर IPS रतन लाल डांगी सस्पेंड: यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद जांच जारी

छत्तीसगढ़ सरकार ने सीनियर IPS रतन लाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई SI की पत्नी द्वारा उनके खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद की गई है। गृह (पुलिस) विभाग ने निलंबन का आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार, डांगी को मुख्यालय नया रायपुर PHQ में तैनात किया गया है और वे सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। बता दें कि पांच महीने पहले ही सरकार ने उन्हें IG के पद से हटा दिया था। अब निलंबन के बाद विभागीय जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

पहले जानें पूरा मामला

शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उनकी पहली मुलाकात डांगी से 2017 में कोरबा में हुई थी, जब डांगी वहां एसपी के पद पर तैनात थे। प्रारंभिक संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ था। बाद में दंतेवाड़ा में उनकी पोस्टिंग के दौरान पीड़िता वीडियो कॉल के माध्यम से डांगी को योग सिखाती थी।

पीड़िता का आरोप है कि राजनांदगांव और सरगुजा में IG बनने के बाद डांगी ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया। बिलासपुर में IG रहते हुए यह उत्पीड़न और बढ़ गया। शिकायत में महिला ने कहा कि डांगी उन्हें अपनी पत्नी की गैर-मौजूदगी में बंगले में बुलाते थे और न आने पर उनके पति के तबादले की धमकी देते थे। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक वीडियो कॉल के माध्यम से लगातार संपर्क करने का दबाव बनाया गया। महिला के पास कई आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य भी मौजूद हैं।

IPS पर लगे आरोपों की जांच जारी

जारी आदेश के मुताबिक, डांगी के खिलाफ अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 और अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1969 के तहत जांच जारी है। विभागीय जांच के दौरान उनके आचरण को प्रथम दृष्टया संदिग्ध माना गया है। सरकार का कहना है कि कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ गंभीर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। इस मामले में आगे की जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।