गांधीनगर में सनसनीखेज हत्या : नशे और चरित्र शंका से परेशान पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट

Indore Murder Case : भारी वस्तु से सिर पर वार के बाद साड़ी से गला घोंटा, आरोपी पत्नी हिरासत में, हत्या कबूल करने का पुलिस का दावा

गांधीनगर में सनसनीखेज हत्या : नशे और चरित्र शंका से परेशान पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट

Indore Murder Case : मध्य प्रदेश। इंदौर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में बीती रात घरेलू विवाद के बाद एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शराब के नशे और पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर अक्सर विवाद करने वाले पति की उसकी पत्नी ने हत्या कर दी। विवाद के दौरान पत्नी ने पहले भारी वस्तु से पति के सिर पर वार किया और इसके बाद साड़ी से उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।

ये है पूरा मामला 

दरअसल, इंदौर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में संतोष डाबर की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक संतोष रोजाना शराब के नशे में घर आता था और पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करता था। साथ ही वह अपनी पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था। वही बीती रात भी संतोष शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी सूरजबाई के साथ मारपीट करने लगा। पत्नी ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और हाथापाई शुरू हो गई। 

साड़ी से घोंटा पति का गला 

इसी दौरान गुस्से में आई सूरजबाई ने किसी भारी वस्तु से संतोष के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद साड़ी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वही घटना की सूचना मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पत्नी सूरजबाई को हिरासत में ले लिया है। 

पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अब एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।