मऊगंज में महिला का शव फंदे से लटका मिला: मौत की वजह तलाश रही पुलिस,
करही गांव में कमरे के अंदर फंदे पर मिली 35 वर्षीय महिला, घटना का कारण अज्ञात, जांच में जुटी नईगढ़ी पुलिस
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में बीती रात एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान दुर्गावती केवट 35 वर्ष पति उमेश केवट के रूप में हुई है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्गावती अपने पति उमेश केवट व बच्चों के साथ प्रयागराज में रहकर मजदूरी का कार्य करती थी। लगभग 15 दिन पहले ही वह परिवार सहित अपने गृह ग्राम करही आई थी। परिजनों के अनुसार पिछले करीब 4 महीने से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजन द्वारा उसका उपचार कराया जा रहा था।
बीती रात परिवार की महिला मंजू केवट उसे बुलाने के लिए उसके कमरे में पहुंची। कमरे का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। दुर्गावती कमरे में लगे हुक से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी। मंजू ने तत्काल शोर मचाकर पति उमेश और अन्य परिजनों को बुलाया। परिजनों ने जीवित होने की आशंका में उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। शनिवार को वैधानिक कार्यवाही उपरांत पुलिस ने शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया, वहीं महिला द्वारा किन कारणों के चलते इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठाया गया पुलिस द्वारा पूरी घटना को जांच में लिया गया है।
उपनिरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
Varsha Shrivastava 
