Rewa Anti Drug Protest : कोरेक्स की खाली शीशियों की माला पहनकर और झाड़ू लगाकर दिया नशामुक्ति का संदेश
Rewa Anti Drug Protest : रीवा में नशीली सिरप की बिक्री के खिलाफ शहीद भगत सिंह सेवा समिति के सदस्य कोरेक्स की खाली शीशियों की माला पहनकर अग्रसेन चौक और कोठी कंपाउंड पहुंचे। यहां झाड़ू लगाकर नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश दिया।
Rewa Anti Drug Protest : रीवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम तथा गांधी जयंती के अवसर पर 2 से 8 अक्टूबर तक चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत शहीद भगत सिंह सेवा समिति द्वारा अनूठे अंदाज में जनजागरूकता अभियान चलाया।
अग्रसेन चौक, कोठी कंपाउंड में आयोजित कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने कोरेक्स की खाली शीशियों की माला पहनकर हाथों में झाड़ू थामी और सड़क की सफाई करते हुए लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस अनोखे प्रदर्शन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना और स्वच्छ समाज के साथ नशामुक्त समाज का संदेश देना रहा।
समिति के अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी ने कहा कि नशा आज युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। कोरेक्स सहित अन्य नशीले पदार्थों की गिरफ्त में आकर युवा न केवल अपना स्वास्थ्य खराब कर रहे हैं, बल्कि परिवार को आर्थिक और सामाजिक संकट में भी डाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ गई तो देश का भविष्य प्रभावित होगा। युवाओं को नशे से बचाना केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।समिति ने कहा कि स्वच्छता अभियान के साथ-साथ नशामुक्ति को भी जनआंदोलन बनाया जाना जरूरी है।

