‘दृश्यम’ का सैम... जिसे 11 साल बाद भी नहीं मिला इंसाफ, जानिए अब कहां हैं ऋषभ चड्ढा?

‘दृश्यम’ में सैम का किरदार निभाने वाले ऋषभ चड्ढा आज क्या कर रहे हैं? जानिए उनके एक्टिंग करियर, ‘दृश्यम’ के बाद मिले ऑफर्स, स्कूल प्रिंसिपल के मजेदार किस्से और स्टोरीटेलिंग के सफर की पूरी कहानी.

‘दृश्यम’ का सैम... जिसे 11 साल बाद भी नहीं मिला इंसाफ, जानिए अब कहां हैं ऋषभ चड्ढा?

2015 में एक लड़का गायब हुआ था... नाम था समीर देशमुख, जिसे फिल्म में सब सैम के नाम से जानते हैं. उसकी मौत ने कहानी को ऐसा मोड़ दिया कि ‘दृश्यम’ हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित सस्पेंस थ्रिलर फिल्मों में शामिल हो गई. लेकिन कहानी में सैम की मौत के बाद विजय सलगांवकर ने भले ही पूरा केस पलट दिया हो, मगर असल जिंदगी में सैम का किरदार निभाने वाले ऋषभ चड्ढा ने इस किरदार के बाद अपनी एक अलग कहानी लिखी. 

11 साल बाद ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी का अंतिम चैप्टर भी आ चुका है. फिल्मी कहानी में सैम को भले ही क्लोजर न मिला हो, लेकिन ऋषभ चड्ढा अब एक्टिंग से आगे बढ़कर स्टोरीटेलिंग और पोएट्री की दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं.  

मां और शाहरुख ने बनाया एक्टर

साल 1994 में जन्में ऋषभ चड्ढा को एक्टर बनने के लिए सबसे पहले उनकी मां ने प्रेरित किया. इसके बाद शाहरुख खान उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बने. ऋषभ ने शाहरूख को देखकर एक बात समझी कि अगर शुरूआत में ही कुछ अलग और रिस्की किरदार किए जाएं तो पहचान बनाना आसान हो सकता है. शायद यही वजह थी कि उन्होंने अपने करियर में नेगेटिव रोल्स करने से भी परहेज नहीं किया. और फिर आया वो किरदार, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिला दी सैम. 

स्कूल में पढ़ते-पढ़ते शुरू कर दी एक्टिंग

ऋषभ का एक्टिंग करियर काफी कम उम्र में शुरू हो गया था. 2007 में वह टीवी शो ‘अलादीन’ में नन्हे के किरदार में नजर आए. उस वक्त वह स्कूल में पढ़ते थे और पढ़ाई के साथ-साथ एक्टिंग भी कर रहे थे.

इसके बाद 2011 में उन्होंने डिज्नी के शो ‘बेस्ट ऑफ लक निक्की’ में काम किया. यह अमेरिकी शो ‘गुड लक चार्ली’ का भारतीय रूपांतरण था. इसके बाद ऋषभ ने डिज्नी के कुछ और प्रोजेक्ट्स में काम किया और जल्द ही फिल्मों का रास्ता भी खुल गया.

‘खूबसूरत’ से फिल्मों में बड़ा ब्रेक

साल 2014 में सोनम कपूर और फवाद खान की फिल्म ‘खूबसूरत’ में ऋषभ ने सोनम के भाई कबीर का किरदार निभाया. हालांकि इससे पहले वह अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम की ‘देसी बॉयज’ में भी छोटे से रोल में नजर आ चुके थे. 

लेकिन असली पहचान अभी बाकी थी.

फिर आया ‘दृश्यम’ और बन गए सैम

साल 2015 में रिलीज हुई ‘दृश्यम’ में ऋषभ चड्ढा ने समीर देशमुख यानी सैम का किरदार निभाया. फिल्म में सैम एक बिगड़ैल अमीर लड़का है, जो विजय सलगांवकर की बेटी अनु को परेशान करता है और उसके MMS को लेकर धमकी देता है.

इसके बाद कहानी में एक रॉड आती है... सैम की मौत होती है... और फिर शुरू होता है विजय सलगांवकर का वो खेल, जिसे देखने के बाद दर्शक भी सोच में पड़ जाते हैं कि आखिर पुलिस सच्चाई तक पहुंचेगी कैसे? दिलचस्प बात ये है कि ऋषभ का किरदार फिल्म में बहुत ज्यादा देर तक नहीं रहा, लेकिन उसका असर इतना लंबा चला कि 11 साल बाद भी लोग उन्हें सैम के नाम से याद करते हैं.

‘दृश्यम’ के बाद प्रिंसिपल ने मंच पर क्या कहा?

‘दृश्यम’ की रिलीज के बाद ऋषभ को एक स्कूल फंक्शन में बतौर गेस्ट बुलाया गया था. वह मंच पर बच्चों को संबोधित करने पहुंचे तो स्कूल के प्रिंसिपल ने फिल्म से जुड़ा मजेदार तंज कस दिया. प्रिंसिपल ने ऋषभ से कहा “तुम अपना फोन अंदर ही रखो तो अच्छा है. ये वही फोन और MMS वाला रेफरेंस था, जिसकी वजह से फिल्म में सैम की पूरी कहानी शुरू होती है. यानी जिस किरदार ने पर्दे पर लोगों को परेशान किया था, उसी किरदार को लेकर असल जिंदगी में ऋषभ को स्कूल के मंच पर मजाक सुनना पड़ा.

‘दृश्यम’ के बाद ऑफर्स की लाइन लगी

‘दृश्यम’ के बाद ऋषभ को पहले से ज्यादा काम मिलने लगा. लोगों ने उन्हें सीरियस एक्टर के तौर पर देखना शुरू किया और उनके पास कई नेगेटिव रोल्स के ऑफर आने लगे. लेकिन ऋषभ ने एक ही तरह के किरदारों में बंधना स्वीकार नहीं किया. वह टाइपकास्ट नहीं होना चाहते थे. इसके बाद उन्होंने हॉरर, कॉमेडी और ड्रामा जैसे अलग-अलग जॉनर में काम किया. 2018 में वह ‘लुप्त’ में नजर आए. इसके अलावा टीवी और OTT पर भी उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.

फिल्मों से ज्यादा टीवी और OTT पर दिखे

ऋषभ ने ‘कोटा टॉपर्स’, ‘आदत से मजबूर’ जैसे टीवी शोज में काम किया. इसके अलावा वह ‘शादी बॉयज’, ‘बॉयज विद टॉयज’, ‘भूत पूर्व’, ‘इल्लीगल’ और ‘डायवॉर्स के लिए कुछ भी करेगा’ जैसी वेब सीरीज में भी नजर आए. बताया जाता है कि वह 150 से ज्यादा टीवी विज्ञापनों का हिस्सा भी रह चुके हैं. लेकिन इन सबके बावजूद उनकी पहचान आज भी एक किरदार से सबसे ज्यादा जुड़ी है सैम. 

अब एक्टिंग से आगे स्टोरीटेलिंग और पोएट्री

ऋषभ ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर वह एक्टर नहीं होते तो स्टोरीटेलर बनना चाहते. शायद अब वह अपने इस दूसरे सपने को भी जी रहे हैं. इन दिनों वह स्टोरीटेलिंग और पोएट्री पर ज्यादा काम कर रहे हैं.  इन दिनों वह स्टोरीटेलिंग और पोएट्री पर ज्यादा काम कर रहे हैं. उनका ‘मॉडर्न मजनू’ नाम से रॉम-कॉम स्टोरीटेलिंग सेटअप भी है. सोशल मीडिया पर वह फिल्मों के बजाय अपनी कहानियों और कविताओं के जरिए ज्यादा नजर आते हैं.

लेकिन ‘दृश्यम’ का सैम आज भी उनका पीछा नहीं छोड़ता.

उनके सोशल मीडिया पोस्ट के कमेंट सेक्शन में अक्सर लोग उन्हें याद दिलाते हैं. “सैम भाई, आपको अभी तक इंसाफ नहीं मिला. फिल्म में विजय सलगांवकर ने सैम की कहानी को भले ही खत्म कर दिया था... लेकिन दर्शकों के लिए सैम की कहानी शायद आज भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.