भोपाल में 20 हजार युवाओं से CM का संवाद : AI, ड्रोन और EV पर खास बातचीत

CM Youth Conclave-2026 in Bhopal : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार युवाओं से संवाद करेंगे। रोजगार, स्टार्टअप, 80 स्टॉल और जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति।

भोपाल में 20 हजार युवाओं से CM का संवाद : AI, ड्रोन और EV पर खास बातचीत

CM Youth Conclave : मध्य प्रदेश। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर मंगलवार को सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 का मंच सजने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां करीब 20 हजार युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप और नई तकनीकों में करियर की संभावनाओं पर फोकस रहेगा।

क्यों खास है यह कॉन्क्लेव

मध्यप्रदेश में 18 से 29 साल के करीब 1.41 करोड़ युवा हैं। विधानसभा चुनाव में इनकी हिस्सेदारी करीब 26% है। 2028 के चुनाव में यह वर्ग बड़ा असर डाल सकता है। देशभर में 2026 में 15-29 साल के करीब 36.74 करोड़ युवा हैं, यानी कुल आबादी का 26%। ये ही 2029 के लोकसभा चुनाव में वोटर बनेंगे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 2024 लोकसभा चुनाव में 18-29 साल के वोटरों की हिस्सेदारी 22.78% थी।

नौकरी के साथ स्वरोजगार पर जोर

कॉन्क्लेव में युवाओं को सिर्फ नौकरी के विकल्प नहीं, बल्कि स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर भी जोर रहेगा। मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप स्टार्टअप, कौशल विकास और नवाचार से जुड़ी गतिविधियां दिखाएंगे। नवोदित उद्यमी अपने उत्पाद और नए आइडिया प्रदर्शित करेंगे। युवा समझ सकेंगे कि किसी विचार को कैसे कारोबार का रूप दिया जा सकता है।

80 स्टॉल में करियर के ढेरों विकल्प

लाल परेड ग्राउंड पर 80 से ज्यादा प्रदर्शनी कक्ष तैयार किए जाएंगे। इनमें रोजगार, प्रशिक्षण, करियर, स्टार्टअप, अनुसंधान, तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। विश्वविद्यालय और संस्थाएं शिक्षा, नवाचार, ड्रोन तकनीक, उद्यमिता और करियर मार्गदर्शन के मॉडल दिखाएंगी। युवा विभागों के प्रतिनिधियों से सीधे बात कर सकेंगे।

17 विभाग एक साथ, प्लस मनोरंजन

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, औद्योगिक नीति, एमएसएमई, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, श्रम, स्वास्थ्य, परिवहन, आयुष, पुलिस और साइबर सुरक्षा समेत 17 विभाग शामिल होंगे। पुलिस विभाग साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात जागरूकता पर गतिविधियां चलाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई का कबीर कैफे प्रस्तुति देंगे।

एमपी में यूथ के लिए सरकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना : 18-29 साल के युवाओं को प्रतिष्ठानों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग और स्टाइपेंड
8 मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना : शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार/उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण और ब्याज अनुदान
 मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना : अपना रोजगार शुरू करने के लिए ऋण/सहायता
ITI एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण : युवाओं को तकनीकी और रोजगारपरक प्रशिक्षण
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति : SC/ST सहित पात्र वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना : पात्र मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस में सहायता
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना : युवाओं को उद्योग/व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता
एकीकृत छात्रवृत्ति योजना : पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए आर्थिक सहायता
स्टार्टअप सहायत्ता : स्टार्टअप और इनोवेशन को इन्व्यूबेशन, सीड फंड आदि के जरिए सहायता; 2025 की स्टार्टअप नीति में चयनित स्टार्टअप के लिए अधिकतम ₹30 लाख तक सीड फंड का प्रावधान है।
रोजगार/अप्रेंटिसशिप मेले : रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसरों से युवाओं को जोड़ना