मऊगंज में पंचायत उप-निर्वाचन शांतिपूर्ण संपन्न: 54.76% मतदान, 20 प्रत्याशियों का भविष्य EVM में सुरक्षित
मऊगंज में पंचायत उप-निर्वाचन में 54.76% मतदान, शांतिपूर्ण-निष्पक्ष और निर्विघ्न सम्पन्न हुए चुनाव, महिला मतदाताओं की भागीदारी 58.14%
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज। राज्य निर्वाचन आयोग, मध्यप्रदेश द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मऊगंज जिले में पंचायत राज संस्थाओं के रिक्त पदों के लिए उप-निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्विघ्न तरीके से संपन्न हुई। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देशन में प्रशासन ने मतदान के दौरान स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की थीं।
चार स्थानों पर हुआ मतदान
जनपद पंचायत नईगढ़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत जोधपुर-2 और पथरोड़ा कला में सरपंच पद के लिए मतदान कराया गया। वहीं जनपद पंचायत हनुमना के जनपद सदस्य वार्ड क्रमांक-04 में मतदान हुआ। इस वार्ड में बरांव, बधैया और कोलहा ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत मलैगवां में भी सरपंच पद के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कराया गया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए जोनल और सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई थी। रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों ने भी मतदान केंद्रों की लगातार निगरानी की।
जिले में 54.76 प्रतिशत मतदान
मऊगंज जिले में कुल 54.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जनपद पंचायत नईगढ़ी में मतदान का प्रतिशत 58.36 प्रतिशत, जबकि हनुमना में 53.39 प्रतिशत रहा। महिला मतदाताओं ने भी मतदान में अच्छी भागीदारी की। जिले में कुल 58.14 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
20 प्रत्याशियों का भविष्य EVM में सुरक्षित
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनपद सदस्य पद के 3 और सरपंच पद के 17 सहित कुल 20 अभ्यर्थियों का निर्वाचन भविष्य EVM में सुरक्षित हो गया है। अब इन प्रत्याशियों के परिणाम मतगणना के बाद सामने आएंगे। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

3 अक्टूबर को होगी मतगणना
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायत उप-निर्वाचन की मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना संबंधित जनपद पंचायत मुख्यालयों पर की जाएगी। मतगणना के बाद सरपंच और जनपद सदस्य पदों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही उप-निर्वाचन में शामिल 20 अभ्यर्थियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला हो जाएगा।
Varsha Shrivastava 
