मैहर में भीषण सड़क हादसा: दमोह के डॉक्टर और प्राचार्य भाई की मौत
गया जी से लौट रहे दो भाइयों की कार हादसे का शिकार, दमोह के डॉक्टर समेत दोनों की मौत
मैहर में ग्राम पोड़ी के पास शनिवार तड़के करीब 4 बजे हुए सड़क हादसे में दमोह के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. संजय गंगेले और उनके भाई प्राचार्य सुधीर गंगेले का निधन हो गया। दोनों भाई गया जी से लौट रहे थे, इसी दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में कार चालक के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर पुलिस एवं राहत दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
डॉ. संजय गंगेले की पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले भी दमोह की जानी-मानी चिकित्सक हैं और घटना के समय भोपाल में थीं। हादसे की खबर से दमोह में शोक की लहर है। परिजनों, परिचितों और चिकित्सा एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने दोनों भाइयों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
Varsha Shrivastava 
