नुसरत भरूचा हुई हादसे का शिकार: रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर; एयर एंबुलेंस से आएंगी मुंबई
Nusrat Spine Fracture :नुसरत भरूचा बाली में हादसे का शिकार हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। एयर एंबुलेंस से मुंबई लाने की तैयारी है।
Nusrat Spine Fracture : बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा बाली में एक हादसे का शिकार हो गई हैं। सामने आई जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद उन्हें बाली के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि नुसरत काम और छुट्टियों के सिलसिले में इंडोनेशिया के बाली गई थीं। उनकी टीम अब उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाने की तैयारी कर रही है। मुंबई पहुंचने के बाद उनकी स्पाइन की सर्जरी की जा सकती है। चोट के कारण अभिनेत्री के आगामी प्रोजेक्ट्स और शूटिंग शेड्यूल पर भी असर पड़ने की संभावना है।
हादसे से पहले शेयर की थीं छुट्टियों की तस्वीरें
हादसे से करीब एक सप्ताह पहले नुसरत भरूचा ने सोशल मीडिया पर बाली वेकेशन की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। इन तस्वीरों में वह छुट्टियों का आनंद लेती नजर आई थीं। इसके कुछ दिनों बाद उनके साथ हादसा होने की खबर सामने आई।
टाइगर श्रॉफ की फिल्म में नजर आ सकती हैं नुसरत
नुसरत भरूचा को लेकर यह भी जानकारी सामने आई है कि वह अभिनेता टाइगर श्रॉफ की अगली फिल्म में नजर आ सकती हैं। यह टाइगर श्रॉफ और नुसरत भरूचा की पहली ऑन-स्क्रीन जोड़ी होगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की टीम को ऐसी अभिनेत्री की तलाश थी, जो कहानी में मजबूती और भावनात्मक गहराई ला सके। नुसरत इस भूमिका के लिए मजबूत विकल्पों में शामिल थीं। फिल्म में पश्मीना रोशन, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव भी अहम भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं।

शूटिंग के दौरान पहले भी घायल हो चुकी हैं नुसरत
नुसरत भरूचा इससे पहले भी शूटिंग के दौरान चोटिल हो चुकी हैं। अप्रैल 2023 में फिल्म ‘अकेली’ की शूटिंग के दौरान वह हादसे का शिकार हुई थीं।
वहीं, जनवरी 2023 में फिल्म ‘छोरी 2’ की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन करते समय उनके चेहरे पर चोट लग गई थी। चोट के बाद उन्हें चेहरे और भौंह के पास टांके भी लगवाने पड़े थे।
इससे पहले अगस्त 2021 में भी शूटिंग के दौरान नुसरत की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय वह लव रंजन की फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। बताया गया था कि करीब 23-24 दिनों तक लगातार काम करने के कारण वह काफी थक गई थीं। शूटिंग के दौरान उन्हें तेज चक्कर आए और वह ठीक से खड़ी या बात नहीं कर पा रही थीं। इसके बाद उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया था और फिल्म की शूटिंग रोकनी पड़ी थी।

