Bhopal Student Protest : फिजिक्स टीचर के खिलाफ सड़क पर बैठे स्टूडेंट, घर के काम करवाती हैं मैडम; फेल करने की देती है धमकी
Bhopal Student Protest : भोपाल में सरकारी स्कूल की टीचर पर आरोप लगाते हुए स्टूडेंट्स सड़क पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि बबीता कुशवाह मैडम फेल करने की धमकी देकर घर के काम कराती हैं।
Bhopal Student Protest : मध्य प्रदेश। भोपाल में सरकारी स्कूल की टीचर पर आरोप लगाते हुए स्टूडेंट्स सड़क पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि बबीता कुशवाह मैडम फेल करने की धमकी देकर घर के काम कराती हैं। प्रोजेक्ट के नाम पर पैसे मांगती हैं। मना करने पर पाइप से पीटती हैं। मामला मिसरोद के नवीन हायर सेकंडरी स्कूल में सोमवार का है। आरोपी टीचर साइंस पढ़ाती हैं।
पुलिस और प्राचार्य ने समझाया, फिर भी प्रदर्शन जारी
सूचना मिलते ही मिसरोद थाने के इंचार्ज विमलेश कुमार राय मौके पर पहुंचे। प्राचार्य के साथ मिलकर स्टूडेंट्स को समझाया। छात्र-छात्राओं ने आरोपी टीचर को हटाए जाने के बाद ही प्रदर्शन खत्म करने की बात कही। आखिरकार जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने लेडी टीचर का ट्रांसफर आदेश जारी किया। विभागीय जांच भी शुरू करा दी। तब जाकर चार घंटे बाद प्रदर्शन खत्म किया गया।
छात्रों के आवेदन में गंभीर आरोप
11वीं गणित और जीव विज्ञान के विद्यार्थियों ने तीन अक्टूबर को प्राचार्य को लिखित आवेदन दिया था। इसमें लिखा कि यूपीएससी और दूसरी भर्ती परीक्षाओं के दौरान उनसे बेंच जमाने, सफाई कराने और रोल नंबर लिखने जैसे काम कराए जाते हैं। रविवार को भी स्कूल बुलाया जाता है।
स्टूडेंट्स का कहना है कि वे स्कूल में पढ़ने आते हैं, कर्मचारियों की तरह काम करने नहीं। प्रोजेक्ट के नाम पर हर महीने 2500 रुपये मांगने और विज्ञान विषय छोड़ने के दबाव का भी आरोप लगाया गया।
टीचर का जवाब और विभागीय कार्रवाई
टीचर बबीता कुशवाहा ने कहा कि वे 1999 से पढ़ा रही हैं। करीब 30 साल का अनुभव है। अच्छे रिजल्ट के लिए सख्ती करती हैं। पैसे लेकर पास कराने या फेल करने का आरोप पूरी तरह गलत है। बच्चों से सफाई नहीं कराई जाती। प्रैक्टिकल के दौरान इंस्ट्रूमेंट व्यवस्थित करना सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है।
जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने कहा कि बच्चों की शिकायत के आधार पर बबीता कुशवाह को बागरोदा हायर सेकेंडरी स्कूल में ट्रांसफर कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है।


