विजय फ्लोर टेस्ट में पास: TVK के समर्थन में 144 वोट पड़े, AIADMK के बागी विधायक भी शामिल
तमिलनाडु में विजय सरकार ने फ्लोर टेस्ट में साबित किया बहुमत। TVK को VCK, CPI (M), IUML और कांग्रेस ने समर्थन दिया।
तमिलनाडु विधानसभा में मंगलवार को हुए फ्लोर टेस्ट में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार ने बहुमत साबित कर दिया। 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है, जबकि TVK को कुल 122 विधायकों ने वोट दिया। जिसमें AIADMK के बागी विधायकों के वोट भी शामिल हैं।
विश्वास प्रस्ताव के विरोध में केवल 22 वोट पड़े। वहीं, वोटिंग के दौरान 5 विधायक गैरमौजूद रहे। दरअसल, फ्लोर टेस्ट से पहले TVK के पास 107 विधायक थे। मुख्यमंत्री विजय ने दो सीटों से चुनाव जीता था, जिनमें से उन्होंने एक सीट छोड़ दी थी। लेकिन विश्वास मत के दौरान सरकार को अतिरिक्त समर्थन मिला।
VCK, CPI (M), IUML और INC का समर्थन
फ्लोर टेस्ट में विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) , भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPI (M)), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML)ने TVK सरकार को समर्थन देने की घोषणा की। इसके अलावा AMMK से निष्कासित एकमात्र विधायक एस. कामराज ने भी सरकार का समर्थन किया।
AIADMK में अंदरूनी खींचतान के संकेत
विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने विजय की AIADMK के बागी विधायकों से मुलाकात पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह गलत है। यह बदलाव है या सौदेबाजी। क्या यही आपकी साफ-सुथरी सरकार है। TVK सरकार को इंस्टाग्राम Reel के जरिए नहीं, बल्कि Real गवर्नेंस करनी चाहिए।
इस पर सीएम विजय ने कहा उनकी सरकार सेक्युलर तरीके से घोड़े की रफ्तार से काम करेगी न कि हॉर्स ट्रेडिंग में शामिल होगी। पिछली सरकार की सभी योजनाओं को हमारी सरकार जारी रखेगी। इस दौरान DMK ने सदन का वॉकआउट कर दिया। बता दें, तमिलनाडु में TVK की सरकार बनने के साथ ही AIADMK में फूट पड़ गई है।
Varsha Shrivastava 
