किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब की बिक्री : महिलाओं ने लाठी-डंडे लेकर किया विरोध
Illegal Liquor Sales : कृपालपुर में हंगामे के बाद प्रशासन-पुलिस की संयुक्त टीम ने दी दबिश; शराब जब्त, दुकान बंद कराई
Illegal Liquor Sales : सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 स्थित कृपालपुर की पुरेनिहा बस्ती में शुक्रवार को अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बस्ती की कई महिलाएं लाठी-डंडे लेकर किराना दुकान पर पहुंचीं और दुकान बंद कराने की मांग करते हुए हंगामा किया। महिलाओं का आरोप है कि शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी किराना दुकान की आड़ में कई वर्षों से अवैध रूप से शराब बेच रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अवैध शराब बिक्री को लेकर पहले भी प्रशासन को पत्रों के माध्यम से शिकायत की जा चुकी है। महिलाओं का कहना है कि दुकान के पास ही एचटीसी नाम से विद्यालय संचालित है, जहां छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं। इसके अलावा अंबेडकर विद्यालय के ठीक बगल में काली मां का मंदिर भी है।
आरोप है कि शराब की बिक्री के कारण यहां शराबियों का जमावड़ा रहता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। महिलाओं ने बताया कि शराब के नशे में लोग सड़क पर अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे बस्ती का माहौल प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को इसी विरोध के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान पर पहुंच गईं।
हंगामे के बाद संयुक्त टीम की दबिश
महिलाओं के विरोध और हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ किराना दुकान पहुंचे।
अधिकारियों की मौजूदगी में दुकान की सघन जांच की गई, जहां से काफी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। प्रशासन ने दुकान बंद करा दी है। पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से शिवकुमार चौधरी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

