प्राचार्य की लापरवाही से 12 छात्राएं नहीं दे पाएंगी बोर्ड एग्जाम, खतरे में भविष्य

रीवा जिले के गुढ़ तहसील क्षेत्र की शासकीय कन्या हाई स्कूल दुआरी में प्राचार्य की लापरवाही के कारण 12 छात्राओं के परीक्षा फॉर्म नहीं भरे गए, जिससे वो बोर्ड परीक्षा नहीं दे पाएंगी

प्राचार्य की लापरवाही से 12 छात्राएं नहीं दे पाएंगी बोर्ड एग्जाम, खतरे में भविष्य

रीवा जिले के गुढ़ तहसील की शासकीय कन्या हाई स्कूल दुआरी से बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्कूल में कक्षा 10वीं की 16 छात्राएं पढ़ रही हैं, लेकिन प्राचार्य देवेन्द्र त्रिपाठी ने 12 छात्राओं का एग्जाम फॉर्म ही नहीं भरवाया। इसकी वजह से ये छात्राएं अब बोर्ड परीक्षा नहीं दे पाएंगी।

छात्राओं ने इस बात की शिकायत कुछ दिन पहले रीवा कलेक्टर से भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब हालात ऐसे बन गए हैं कि 12 छात्राओं का साल बर्बाद होने की कगार पर है। इस लापरवाही से छात्राएं बहुत दुखी हैं। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि हमारा परीक्षा फॉर्म भरवाया जाए, ताकि वो परीक्षा दे सकें नहीं तो हम आत्मदाह कर लेंगे। 

दुआरी के सरपंच बृजभान पटेल

सरपंच ने उठाए सवाल

ग्राम पंचायत दुआरी के सरपंच बृजभान पटेल ने कहा कि प्राचार्य ने बहुत बड़ी गलती की है। उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है, पहले भी ऐसी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। सरपंच ने मांग की है कि ऐसे लापरवाह प्राचार्य पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।