Mauganj News : मऊगंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दुष्कर्म-पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
Mauganj News : शाहपुर पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के फरार आरोपी को महाराष्ट्र के लातूर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
राजेंद्र पयासी @ मऊगंज
मऊगंज जिले के शाहपुर थाना पुलिस ने दुष्कर्म एवं पाक्सो एक्ट के आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन (SP Surendra Kumar Jain) के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के फरार आरोपी को महाराष्ट्र के लातूर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
यह कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम एवं एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रामदीन सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को 26 सितंबर को अभिरक्षा में लेकर 27 सितंबर को न्यायालय में पेश किया।
घटना के संबंध में पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार मई महीने में फरियादी की रिपोर्ट पर थाना शाहपुर में अपराध धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपहरण का मामला पंजीबद्ध किया गया था। अपहृता को 12 जुलाई को दस्तयाब किया गया। न्यायालय में दर्ज कथन के आधार पर प्रकरण में धारा 87, 64(1), 3(5) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट का इजाफा किया गया।
प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी लाल बाबू साकेत पिता ओमप्रकाश साकेत निवासी ब्रम्हागढ़ थाना शाहपुर को पुलिस ने लातूर महाराष्ट्र से घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामदीन सिंह, चौकी प्रभारी खटखरी उप निरीक्षक रजनीश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अमर सिंह, प्रधान आरक्षक कमलेश यादव, आरक्षक आनंद सरोज, आरक्षक कन्हैया सिंह पटेल एवं सायबर सेल से आरक्षक भावेश द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

