रीवा में पशु क्रूरता: 60 फीट गहरे तालाब में गाय को धकेलने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

पचपहरा में बेजुबान पशु से क्रूरता का आरोप: वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस-प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की

रीवा में पशु क्रूरता: 60 फीट गहरे तालाब में गाय को धकेलने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

रीवा जिले के मनगवां थाना अंतर्गत ग्राम पचपहरा से पशु क्रूरता और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। गांव के पास स्थित लगभग 60 फीट गहरे पानी से भरे तालाब में एक बेजुबान पशु गाय को जबरन धकेले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना का विरोध करने पर दबंगों द्वारा स्थानीय युवक को गंभीर अंजाम भुगतने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई है।

60 फीट गहरे तालाब में गाय को धकेला

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है कि तालाब के किनारे गहरा पानी है। जहां एक बेजुबान पशु बदहवास स्थिति में फंसा हुआ है। आरोप है कि गांव के ही निवासी सुशपाल साकेत और दिनेश साकेत द्वारा इस बेजुबान जीव के साथ क्रूरता करते हुए उसे जबरदस्ती गहरे पानी की ओर हांका जा रहा था।

विरोध करने पर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे आरोपी

जब एक स्थानीय युवक ने इस क्रूरता को देखा तो उसने तत्काल इसका विरोध किया और सबूत के तौर पर अपने मोबाइल से घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। युवक द्वारा वीडियो बनाए जाने से बौखलाए आरोपी पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर एकत्र हो गए और विवाद करने लगे।

पीड़ित युवक का आरोप है कि जब उसने पशु सुरक्षा की बात कही, तो आरोपियों ने उसे शांत रहने की चेतावनी दी और कहा कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की, तो उस पर झूठा SC-ST Act लगवा देंगे।

ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के समाजसेवियों और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने रीवा पुलिस प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने, बेजुबान पशु का रेस्क्यू कर सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पशु क्रूरता एवं झूठी कानूनी धमकियां देने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।