Rewa में नशीली कफ सिरप बेचते 2 आरोपी गिरफ्तार, 40 शीशी जब्त

Rewa News: विंध्य विहार कॉलोनी में नशीली कफ सिरप बेचने के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया. 40 शीशियां जब्त की गईं.

Rewa में नशीली कफ सिरप बेचते 2 आरोपी गिरफ्तार, 40 शीशी जब्त

रीवा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत सिविल लाइन पुलिस ने विंध्य विहार कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए नशीली कफ सिरप बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से 40 शीशियां बरामद की हैं.

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी किराए के मकान में रहकर नशीली सिरप बेचने का काम कर रहे थे. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ग्राहक बनाकर अपने एक कर्मचारी को भेजा, जिसके बाद आरोपियों को सिरप बेचते हुए मौके पर पकड़ लिया गया.

कबाड़ी मोहल्ले में कार्रवाई के बाद बदला ठिकाना

सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह के अनुसार, कबाड़ी मोहल्ले में पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों ने अपना ठिकाना बदल लिया था.

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अब विंध्य विहार कॉलोनी में एक किराए के मकान से नशीली सिरप की बिक्री की जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहले मौके की गोपनीय तरीके से तस्दीक की.

जानकारी पुख्ता होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई और ग्राहक बनाकर टीम के एक सदस्य को आरोपियों के पास भेजा. सिरप की बिक्री होते ही पुलिस ने दोनों को मौके पर पकड़ लिया.

मैहर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान विष्णु कुशवाहा (24), पिता सुदामा कुशवाहा, निवासी ताला, मैहर और संदीप आदिवासी, निवासी ताला, मैहर के रूप में हुई है. संदीप फिलहाल विंध्य विहार कॉलोनी, रीवा में रह रहा था.

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मूल रूप से मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. कुछ समय पहले ही दोनों रीवा आए थे और विंध्य विहार कॉलोनी में किराए का मकान लेकर रह रहे थे.

सप्लाई नेटवर्क की तलाश में पुलिस

कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक नशीली सिरप कहां से पहुंच रही थी और इसके पीछे कौन लोग हैं.

पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है. साथ ही उनसे पूछताछ कर नशीली सिरप की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.