पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अटैक : 11 की मौत, 30 घायल, TTP ने ली जिम्मेदारी

Khyber Pakhtunkhwa Attack : खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान शहर में हुए एक धमाके में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 30 अन्य लोग घायल हो गए।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अटैक : 11 की मौत, 30 घायल, TTP ने ली जिम्मेदारी

Khyber Pakhtunkhwa Attack : इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान शहर में शनिवार को एक धमाके में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में करीब 30 अन्य लोग घायल हो गए। हमला सड़क किनारे बने पुलिस चेकपॉइंट पर हुआ। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

घायलों की हालत नाजुक

पुलिस के अनुसार घटना उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में हुई। प्रांतीय आपातकालीन सेवा के प्रवक्ता बिलाल फैज़ी ने बताया कि मृतकों और घायलों को पास के अस्पताल ले जाया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसकी वजह से मौतों की संख्या और बढ़ सकती है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में घटनास्थल से धुएं का गुबार दिख रहा है। तस्वीरों में आसपास ईंटें और मलबा बिखरा दिखाई दे रहा है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश में लगे हैं।

सुरक्षा बलों के हालिया ऑपरेशन के बाद हुआ हमला

यह धमाका पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा में किए गए एक ऑपरेशन के दो दिन बाद हुआ है। 24 सितंबर को उत्तरी वजीरिस्तान में खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई में आठ संदिग्ध चरमपंथी मारे गए थे। सुरक्षा बलों ने उनके ठिकाने नष्ट किए और हथियार बरामद किए। हाल में बलूचिस्तान के मस्तुंग, तुरबत और क्वेटा जिलों में भी सुरक्षा अभियानों में 16 चरमपंथी मारे जाने का दावा किया गया था।