PM ई-बस ने 4 को कुचला, एक की मौत; मौके पर फोर्स तैनात
PM e-bus Accident : हादसे के बाद राजबाड़ा पर मौजूद लोगों ने सिटी बस में बैठी सवारियों को बाहर निकाला। इसके बाद भीड़ ने बस पर पथराव कर ईंट-पत्थरों से तोड़फोड़ की।
PM e-bus Accident : मध्य प्रदेश। इंदौर में रविवार को सरकारी सिटी बस यानी पीएम बस सेवा ने चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों और मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हादसे के बाद राजबाड़ा पर मौजूद लोगों ने सिटी बस में बैठी सवारियों को बाहर निकाला। इसके बाद भीड़ ने बस पर पथराव किया। ईंट-पत्थरों से तोड़फोड़ की गई। बस के कांच फोड़ दिए गए।
ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा
एमजी रोड टीआई विजय सिसौदिया के अनुसार हादसा राजबाड़ा इलाके में हुआ। सिटी बस के ड्राइवर की लापरवाही के चलते सड़क से गुजर रहे लोग बस की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। एक व्यक्ति को एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाकी दो घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़ितों की पहचान अभी नहीं हो सकी
टीआई विजय सिसौदिया ने बताया कि हादसे में मृत व्यक्ति और घायलों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान की जानकारी जुटा रही है। पहचान होते ही परिजनों तक सूचना पहुंचाई जाएगी। मौके पर पुलिस मौजूद रही। भीड़ को शांत करने की कोशिश की गई। हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग ड्राइवर की लापरवाही पर नाराज हैं।
बस चालक को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। चालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। चालक के नशे में होने की आशंका को लेकर भी उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बस अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। घायलों की पहचान और उनकी स्थिति की विस्तृत जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में प्रकरण दर्ज किया जाएगा और जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि घायलों का एमवाय अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।

