जन विश्वास शिविर: 5 परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति का सहारा, नियुक्ति पत्र मिलते ही जगी रोजगार की नई आस
मऊगंज में आयोजित जन विश्वास शिविर में 5 पात्र अभ्यर्थियों को मिली अनुकंपा नियुक्ति, शासन की संवेदनशील पहल से बदली तकदीर
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
जब शासन संवेदना के साथ जन-जन तक पहुंचता है, तब विश्वास की ज्योति और प्रखर हो उठती है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहाड़ी में आयोजित जन विश्वास शिविर में कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जहां समस्याओं के समाधान के साथ-साथ 5 बेसहारा परिवारों को रोजगार का संबल मिला।

शिविर में प्रशासन ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अनुकंपा नियुक्ति के पांच पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्रा और कलेक्टर संजय कुमार जैन के कर-कमलों से यह सौगात प्रदान की गई।
अंजना पटेल और दीपेश मिश्रा को जनजातीय कार्य विभाग में, विपिन सिंह को खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग में, अमन वर्मा और हरिकांत चौधरी को कलेक्टर कार्यालय राजस्व विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई। नियुक्ति पत्र पाते ही अभ्यर्थियों के चेहरों पर आत्मनिर्भरता की चमक और परिवारों में आशा की नई किरण दिखाई दी।

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पात्र परिवारों को नियमानुसार लाभ पहुंचाना प्रशासन का धर्म है। यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि दिवंगत परिजनों के सपनों को पूरा करने का संकल्प है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम राजेश मेहता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
