'मन की बात' का 138वां एपिसोड : राष्ट्र निर्माण पर चर्चा, आतंकवाद, सर्जिकल स्ट्राइक पर क्या बोले PM मोदी?

Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते एक दशक में बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने बार-बार स्पष्ट संदेश दिया है।

'मन की बात' का 138वां एपिसोड : राष्ट्र निर्माण पर चर्चा, आतंकवाद, सर्जिकल स्ट्राइक पर क्या बोले PM मोदी?

Mann Ki Baat : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 138वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर चलता है। आतंकवाद का कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। सर्जिकल स्ट्राइक ने आतंक से निपटने की भारत की नीति का नया साहसिक उदाहरण दुनिया के सामने रखा। भारत ने लंबे समय तक आतंकी हमलों का दर्द सहा। 2016 में नियंत्रण रेखा पार की गई सर्जिकल स्ट्राइक उसका निर्णायक जवाब थी।

सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक सख्त संदेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते एक दशक में बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने बार-बार स्पष्ट संदेश दिया है। अगर आतंकवादी भारत की ओर आंख उठाएंगे तो करारा जवाब मिलेगा। आज का भारत जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रहा है।

दस वर्ष पहले 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। एलओसी पार जाकर वीर जवानों ने कार्रवाई की। दुनिया हैरान रह गई।

इस स्ट्राइक ने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का नया उदाहरण पेश किया। पहले सीरियल ब्लास्ट आम बात हो गई थी। दिल्ली के 13 सितंबर 2008 ब्लास्ट और मुंबई 26/11 का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब स्थिति बदल चुकी है।

जनगणना राष्ट्रीय दायित्व, ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध

पीएम मोदी ने बताया कि देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है। 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज हो चुकी है।

उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव से इसकी शुरुआत हुई। माणा को देश का पहला गांव कहा जाता है। जनगणना हम सबका राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने 15 अगस्त को भी देशवासियों से आग्रह किया था कि समय निकालें। 

लोग मोबाइल से अपनी और परिवार की जानकारी se.census.gov.in पोर्टल पर भर सकते हैं। यह सुविधा हिंदी सहित 16 भाषाओं में उपलब्ध है। कोई दस्तावेज अपलोड नहीं करना पड़ता। जानकारी भरने के बाद विशेष आईडी मिलती है। गणनाकर्मी आने पर आईडी बतानी होती है। अब तक दो करोड़ 60 लाख से अधिक लोग मोबाइल से जानकारी भर चुके हैं।

नशा मुक्ति अभियान और अशोक सिंघल को श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में देश के लाखों युवाओं ने नशे के खिलाफ महत्वपूर्ण संकल्प लिया है। नशा मुक्त युवा अभियान के तहत युवा खुद नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा ले रहे हैं। साथ ही यह संदेश दूसरों तक पहुंचा रहे हैं। यह अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा। 

पीएम ने विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत अध्यक्ष अशोक सिंघल को उनकी जन्म जयंती पर याद किया। उन्होंने कहा कि सिंघल ने समाज में रहते हुए तपस्वी जैसा जीवन जिया। राम मंदिर आंदोलन को दिशा और ऊर्जा दी। उसी का परिणाम आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर के रूप में दिख रहा है।