SATNA: पूर्व विधायक के वाहन से ट्रैफिक पुलिस ने निकाला हूटर
सतना में ट्रैफिक पुलिस ने अभियान के तहत पूर्व विधायक ऊषा चौधरी के वाहन से हूटर और पदनाम की प्लेट हटाई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की।
सतना। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे प्रदेश में 1 अगस्त से 10 अगस्त तक निजी वाहनो में हूटर, पदनेम व स्टीकर लगाए जाने के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गुरूवार को ट्रैफिक पुलिस ने रैगांव के पूर्व विधायक ऊषा चौधरी का वाहन पकड़ा। रैगांव की पूर्व विधायक की लग्जरी कार में हूटर लगा हुआ था। नम्बर प्लेट के ऊपर पदनाम की प्लेट लगी हुई थी।

यातायात थाना प्रभारी पूनम रावत ने बताया कि गुरूवार को चेकिंग के दौरान सूबेदार रामदेवी राय की अगुवाई में ट्रैफिक पुलिस ने एक वाहन को रोका जिसमें पूर्व विधायक लिखा हुआ था। वाहन में हूटर लगा हुआ था जबकि हूटर लगाने और पदनाम की प्लेट की पात्रता नहीं थी। लिहाजा मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस की टीम ने कार से हूटर उतरवा कर पदनाम की प्लेट भी जब्त कर ली।

यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि एमव्ही एक्ट की धारा 108 के तहत भी कार्रवाई अन्य वाहनों के खिलाफ भी की गई है। नो इंट्री का उल्लंघन करने पर वाहन चालक पर कार्रवाई की गई। एक बुलेट से मॉडीफाई साइलेंसर जब्त किया गया है।


