अवैध शराब कारोबार में मऊगंज पुलिस का शिकंजा : 72 लीटर देसी शराब के साथ दुकानदार गिरफ्तार

Mauganj illegal liquor : पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने किराना दुकान की आड़ में शराब बेचने वाले एक कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया।

अवैध शराब कारोबार में मऊगंज पुलिस का शिकंजा : 72 लीटर देसी शराब के साथ दुकानदार गिरफ्तार

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज 

मऊगंज जिले के शाहपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा करते हुए किराना दुकान की आड़ में शराब बेचने वाले कारोबारी को 72 लीटर देसी प्लेन मदिरा के साथ गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम एवं एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस ने अवैध देसी प्लेन शराब बिक्री के लिए भंडारण कर रखे एक आरोपी को गिरफ्तार कर 72 लीटर शराब जब्त की है। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये बताई गई है।

मुखबिर से मिली थी सूचना 

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मर्यादपुर निवासी राजेश उर्फ राजू सिंह पिता चन्द्रबली सिंह उम्र 50 वर्ष अपनी दुकान में अवैध शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में दुकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी में दो बोरियों में रखे कुल 400 पाव यानी 72 लीटर देसी प्लेन शराब बरामद हुई।

बिक्री नेटवर्क की जांच जारी 

पुलिस ने आरोपी राजेश उर्फ राजू सिंह के विरुद्ध 32(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को 26 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अब शराब के स्रोत और बिक्री नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विक्रय, परिवहन एवं भंडारण पर सतत निगरानी रखकर वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामदीन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक यू.बी. सिंह, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, कमलेश यादव, कुंजल रावत, जय प्रकाश रावत, धर्मपाल सिंह, आरक्षक नीलेश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।