मऊगंज में बदमाशों ने मचाया आतंक, लूट की दो वारदातों से दहशत में लोग
अपराधियों का गिरोह सक्रिय। आए दिन घट रही चोरी और लूट की घटनाएं। दामोदर गढ़ और सीतापुर के अमवा गांव के पास बदमाशों ने नकदी, लैपटॉप और बाइक लूटी।
मऊगंज थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर हुई लूट की वारदातों ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। जिले के दामोदर गढ़ और सीतापुर के अमवा गांव में अज्ञात बदमाशों ने लूट की घटनाओं को अंजाम दिया।
पहली घटना मऊगंज थाना क्षेत्र के दामोदर गढ़ की है, जहां अज्ञात बदमाशों ने कंपनी में बैंकिंग कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी को निशाना बनाते हुए उसके पास से सैमसंग कंपनी का लैपटॉप और नकदी लूट लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
वहीं, दूसरी घटना मऊगंज थाना अंतर्गत सीतापुर क्षेत्र के अमवा गांव में सामने आई, जहां बदमाशों ने एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल और लगभग 20 हजार रुपये की नकदी लूट लिया। घटना के बाद पीड़ितों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की पुष्टि करते हुए एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक ने बताया कि दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हालांकि, मऊगंज में घट रही चोरी और लूट की घटनाओं के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बदमाशों के आतंक से क्षेत्र के लोग दहशत भरी जिंदगी जीने को मजबूर है।
उधर पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
Varsha Shrivastava 
