Gwalior Kissing Car : ग्वालियर की Kissing Car पर ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, 3400 किस पर 5500 का चालान
Gwalior Kissing Car : पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक को अपनी कार पर बनाए गए किस मार्क खुद साफ करने पड़े। साथ ही चालान भी भरना पड़ा।
Gwalior Kissing Car : मध्य प्रदेश। ग्वालियर में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से करीब 3400 किस मार्क बनाए गए। इसके बाद कार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील डाली गई। रील तेजी से वायरल हुई और करीब एक दिन में इसे 55 लाख यानी 5.5 मिलियन व्यूज मिल गए। युवक का मकसद ऐसा कंटेंट तैयार करना था, जिसे लोग ज्यादा से ज्यादा देखें और शेयर करें।
सड़क पर गुजरती कार को देखकर लोग हुए हैरान
कार सड़क पर दौड़ रही थी और उसे देखकर राहगीर भी हैरान हो रहे थे। कार की पूरी बॉडी पर जगह-जगह लिपस्टिक के किस मार्क दिखाई दे रहे थे। बताया गया कि करीब साढ़े तीन घंटे की मेहनत के बाद कार पर लगभग 3400 किस बनाए गए थे।
इस काम के लिए करीब 900 रुपये की लिपस्टिक इस्तेमाल की गई। सोशल मीडिया पर वीडियो पहुंचते ही इसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और रील कुछ ही समय में चर्चा में आ गई।

छात्राओं और महिलाओं को हुई असहजता
रील पर लगातार व्यूज बढ़ रहे थे, लेकिन इसी बीच ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की नजर भी वीडियो पर पड़ गई। पुलिस के अनुसार, सड़क से गुजरते समय इस तरह की कार को देखकर छात्राएं और महिलाएं असहज महसूस कर रही थीं।
इसके अलावा वीडियो में कार को सड़क पर तेज रफ्तार से चलते हुए भी दिखाया गया था। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश अब युवक के लिए परेशानी का कारण बन गई।
सोशल मीडिया वीडियो से पुलिस ने कार को खोजा
ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार को थाटीपुर इलाके से पकड़ा और यातायात थाने ले गई। पूछताछ में कार मालिक आदित्य उर्फ आदी सिकरवार ने बताया कि उसकी दोस्त ने कार पर लिपस्टिक से किस मार्क बनाए थे। उसने पुलिस को बताया कि इसका मकसद सोशल मीडिया पर एक नया ट्रेंड शुरू करना था।

5500 रुपये का चालान
पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक को अपनी कार पर बनाए गए किस मार्क खुद साफ करने पड़े। कुछ घंटे पहले जिस कार को रील के लिए लिपस्टिक से सजाया गया था, उसी कार की सफाई करते हुए युवक नजर आया।
ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर 5500 रुपये का चालान किया। यानी करीब 900 रुपये की लिपस्टिक से तैयार की गई रील ने युवक को लाखों व्यूज तो दिलाए, लेकिन इसके साथ 5500 रुपये का जुर्माना भी भरना पड़ा।
‘ऑपरेशन ईगल’ के तहत ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई
ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन ईगल’ का हिस्सा बताई गई है। इस अभियान के तहत पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पर नजर रख रही है, जिनमें ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन, सड़क पर खतरनाक स्टंट या रील बनाने के लिए जोखिम भरी गतिविधियां दिखाई देती हैं।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने कहा कि उसे जानकारी नहीं थी कि इस तरह रील बनाना नियमों का उल्लंघन है। युवक ने आगे ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात भी कही।
Love was in the air… and all over the car! 3,400 kisses got Gwalior's "Kissing Car" 5.5 million views and a ₹5,500 challan. He wanted to make a "reelationship" go viral. Traffic Police made sure it came with a "fine ending" @GargiRawat pic.twitter.com/d2GwGeHbUS
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) August 25, 2026

