मऊगंज कलेक्टर ने किया प्रशासनिक अधिकारियों के बीच नया कार्य विभाजन

संयुक्त कलेक्टर अयोध्या प्रसाद द्विवेदी बनाए गए मऊगंज एसडीएम। मऊगंज एसडीएम राजेश मेहता को सौंपी गई हनुमना एसडीएम की जिम्मेदारी।

मऊगंज कलेक्टर ने किया प्रशासनिक अधिकारियों के बीच नया कार्य विभाजन
मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले में भारतीय प्रशासनिक सेवा और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच नया कार्य विभाजन किया है। इस बदलाव के तहत संयुक्त कलेक्टर अयोध्या प्रसाद द्विवेदी को मऊगंज का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। वहीं, पूर्व एसडीएम राजेश कुमार मेहता को हनुमना एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिला दण्डाधिकारी के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य अपने पास रखे हैं। इनमें कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के कार्य, जेल प्रबंधन, नेशनल सिक्योरिटी एक्ट, मध्यप्रदेश पब्लिक सिक्योरिटी एक्ट, राज्य सुरक्षा और लोक व्यवस्था से जुड़े विषय शामिल हैं। इसके अलावा, खनिज, आबकारी, पेट्रोलियम और विस्फोटक नियम से संबंधित मामलों के साथ-साथ भू-राजस्व संहिता के तहत आदिवासी भूमि विक्रय की अनुमति और अन्य अधिनियमों से जुड़े मामलों का निवारण शामिल है। 
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर को ग्रामीण विकास, चुनाव, आकांक्षी ब्लॉक हनुमना और जनसमस्या निवारण व लोक कल्याण शिविरों के साथ ही जिला और संभाग स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों की तैयारी और पालन प्रतिवेदन भेजने का कार्य सौंपा गया है। अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार पाण्डेय को प्रशासनिक और निर्वाचन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य सौंपे गए हैं। इसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी का दायित्व, जनगणना कार्य, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अपीलों का निराकरण और शस्त्र लाइसेंस की द्वितीय प्रति जारी करने जैसे कार्य शामिल है । 
प्रभारी डिप्टी कलेक्टर रश्मि चतुर्वेदी को राहत कार्य, लाइसेंस, वित्त, विभागीय जांच, भू-अर्जन, नकल शाखा और सीएम हेल्पलाइन जैसे विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। परिवीक्षाधीन डिप्टी कलेक्टर पवन गुरैया को जनसुनवाई, शिकायत शाखा, लोकायुक्त, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, न्यायालय शाखा, राजस्व अभिलेखागार, रेडक्रॉस और आईटी शाखा का कार्य सौंपा गया है।