साइक्लोथॉन के जरिए इंदौर पुलिस ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने 28 जून को “सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत ‘थीम पर साइक्लोथॉन का आयोजन किया।
इंदौर: बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने 28 जून को “सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत ‘थीम पर साइक्लोथॉन का आयोजन किया। इसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और करीब 70 वर्षीय वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सुरक्षित डिजिटल जीवन का संदेश दिया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित साइक्लोथॉन को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह ने पलासिया स्थित आई लव इंदौर सेल्फी प्वाइंट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली घंटाघर, हाईकोर्ट, रीगल चौराहा और राजवाड़ा होते हुए पुनः पलासिया पहुंचकर संपन्न हुई। रैली से पहले प्रतिभागियों ने जुम्बा सेशन में हिस्सा लेकर वॉर्म-अप किया।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त राजेश त्रिपाठी, डीसीपी जोन-3 अभिषेक रंजन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध मीना चौहान सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए रूप ले रहे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का साइबर जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने लोगों से फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और अन्य ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
साइक्लोथॉन के समापन पर साइबर सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को फूल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान पुलिस ने नागरिकों से “सोचें-समझें-क्लिक करें” और “सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” का संदेश अपनाने की अपील की।


