सिंगरौली में नई पुलिसिंग की शुरुआत, नवागत एसपी शियाज के एम ने गिनाईं प्राथमिकताएं

सिंगरौली के नए पुलिस अधीक्षक शियाज के एम ने पदभार ग्रहण करते ही कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, यातायात सुधार और अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और जनहित केंद्रित बनाने की बात कही।

सिंगरौली में नई पुलिसिंग की शुरुआत, नवागत एसपी शियाज के एम ने गिनाईं प्राथमिकताएं

Singrauli जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक शियाज के एम ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करते ही साफ संकेत दिए कि आने वाले समय में जिले में पुलिसिंग अधिक सक्रिय, जवाबदेह और जनहित केंद्रित होगी। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की और कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

निर्दोषों के साथ अन्याय नहीं होगा..
एसपी शियाज के एम ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता निष्पक्ष कार्रवाई होगी और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होगी जिससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हो।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर..
नवागत एसपी ने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी..
उन्होंने कहा कि जिले में भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण सड़क सुरक्षा बड़ी चुनौती है। यातायात नियमों के पालन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पेट्रोलिंग और निगरानी होगी मजबूत..
एसपी शियाज ने कहा कि जिले के संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और अपराधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। थाना और चौकी स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

फील्ड में सक्रिय रहेंगे एसपी..
खुद को फील्ड का अधिकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि वे जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही पुलिस विभाग में हर अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद..
पूर्व पुलिस अधीक्षक के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच जिले की जनता और पुलिस विभाग दोनों को नवागत एसपी से बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी कार्यशैली की उम्मीद है। नए एसपी के पदभार ग्रहण के साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर नई सक्रियता का संदेश साफ दिखाई देने लगा है।