पीएम ने एलिवेटेड कॉरिडोर का किया भूमिपूजन, कहा- भाजपा पूरे देश में लोगों की पहली पसंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के दौरे के दूसरे दिन रविवार को काजीरंगा नेशनल पार्क में 35KM लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही पीएम ने 2 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के दौरे के दूसरे दिन रविवार को काजीरंगा नेशनल पार्क में 35KM लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही पीएम ने 2 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, दो साल पहले काजीरंगा में बिताए गए पल मेरे जीवन के बहुत खास अनुभवों में शामिल हैं। मुझे काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम का अवसर मिला था और अगले दिन एलिफेंट सफारी के दौरान मैंने इस क्षेत्र की सुंदरता को बहुत करीब से महसूस किया था। मुझे हमेशा असम आकर एक अलग ही खुशी मिलती है।
उन्होंने कहा 'मैं पूरे देश के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को बधाई देता हूं। कल से मैं देख रहा हूं कि बोड़ो परंपरा का यह शानदार नृत्य सोशल मीडिया पर कितना लोकप्रिय हो गया है।' पीएम मोदी ने कुछ युवा कलाकारों के हाथ से बनाए गए चित्र और स्केच की तारीफ भी की।
पीएम ने कहा कि 'आज भाजपा पूरे देश में लोगों की पहली पसंद बन गई है। बीते एक-डेढ़ सालों से भाजपा पर देश का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में बिहार में चुनाव हुए, वहां 20 साल बाद भी जनता ने भाजपा को रिकॉर्ड वोट दिए हैं और रिकॉर्ड सीटें जिताई हैं। दो दिन पहले ही महाराष्ट्र के बड़े शहरों में मेयर और पार्षदों के चुनाव परिणाम आए हैं। वहां की जनता ने पहली बार भाजपा को रिकॉर्ड जनादेश दिया है। केरल के नगर निगम चुनावों में भी लोगों ने भाजपा का भरपूर समर्थन किया और तिरुवनंतपुरम में पहली बार बीजेपी का मेयर बना।'
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा 'कांग्रेस का जन्म मुंबई में हुआ था, लेकिन आज शहर में कांग्रेस चौथे-पांचवें स्थान पर खड़ी है। देश का विश्वास कांग्रेस पर नहीं है क्योंकि इसके पास कोई विकास एजेंडा नहीं है।'
pushpendra 
