मऊगंज: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में 254 प्रकरणों का मौके पर निराकरण 

नईगढ़ी में आयोजित जन जन विश्वास शिविर में 331 आवेदनों पर हुई सुनवाई, कमिश्नर ने नागरिकों से संवाद कर अधिकारियों को तुरंत और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

मऊगंज: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में 254 प्रकरणों का मौके पर निराकरण 
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत नईगढ़ी के अष्टभुजा मंदिर के पास बहुउद्देशीय भवन में तीसरा जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर तुरंत और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में 331 आवेदनों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 254 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान, कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार जिले के चयनित ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए नागरिकों की समस्याओं का तुरंत और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। 

कमिश्नर ने शिविर में नागरिकों से सीधे संवाद किया

कमिश्नर ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए पात्र प्रकरणों का यथासंभव मौके पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कमिश्नर ने नगर परिषद नईगढ़ी से संबंधित साफ-सफाई और जलभराव की समस्याओं के निराकरण के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।

प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश

कमिश्नर प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पात्रता पर्ची सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

स्थानीय उद्यमियों से संवाद, उद्योग विस्तार पर चर्चा

कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने क्षेत्र के स्थानीय उद्यमियों से भी संवाद किया। उद्यमी अनिल कुमार पाण्डेय ने कान्हा राइस मिल, दीपक गुप्ता ने हनुमान राइस मिल और संदीप पटेल ने फैब्रिकेशन उद्योग स्थापित किए जाने की जानकारी दी। कमिश्नर ने उद्यमियों से उद्योगों की वर्तमान स्थिति, उत्पादन एवं विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों के विस्तार से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उद्योगों को बड़े स्वरूप में विकसित करने के लिए आवश्यक अनुमतियों और विभागीय प्रक्रियाओं में संबंधित विभागों के समन्वय से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर नगर परिषद नईगढ़ी की अध्यक्ष नागिता गुप्ता, जनपद पंचायत नईगढ़ी की अध्यक्ष ममता कुंज बिहारी तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी रश्मि चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।