मऊगंज: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हनुमना में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का निरीक्षण
कमिश्नर ने नवनिर्मित तहसील भवन, सीएचसी का किया निरीक्षण, आईजी-डीआईजी ने थाना शाहपुर की व्यवस्थाएं देखीं
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान, कलेक्टर संजय कुमार जैन ने हनुमना क्षेत्र में विभिन्न शासकीय संस्थानों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आमजन को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने हनुमना तहसील के नवनिर्मित तहसील भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं सहित परिसर का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि भवन का प्रत्येक कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए। बचें हुए कामों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने समेत आवश्यक कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने राजस्व अभिलेख कक्ष, न्यायालय कक्ष, कार्यालयीन कक्ष, प्रतीक्षालय, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता सहित परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि तहसील भवन में आने वाले नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो और कार्यालयीन कार्य सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएं। उन्होंने निर्माण एजेंसी सहित संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह और कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं सहित स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और नागरिक हितैषी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी और डीआईजी ने थाना शाहपुर का किया निरीक्षण
इसी दौरान पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत और उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान ने थाना शाहपुर का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन की उपस्थिति में अधिकारियों ने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, परिसर और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और पुलिस सेवाओं को संवेदनशील सहित प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की भावना के अनुरूप शासकीय संस्थानों में नागरिकों को बेहतर सेवाएं, सुगम व्यवस्थाएं और त्वरित समाधान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर,अपर कलेक्टर पीके पांडेय,एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, बीएमओ हनुमना डॉ नागेन्द्र मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
