मैहर में NH-30 पर दर्दनाक हादसा, ट्रेलर पलटने से बुजुर्ग की मौत
भैंस चराकर लौट रहे 53 वर्षीय बुजुर्ग पर पलटा तेज रफ्तार ट्रेलर, मौके पर मौत; मुआवजे की मांग पर हंगामा, हाइवे पर दो घंटे तक चक्काजाम जाम
मैहर में NH-30 पर टमस नदी के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से गुजर रहे 53 वर्षीय रामसिया पटेल के ऊपर पलट गया। हादसे में रामसिया ट्रेलर के नीचे दब गए और करीब एक घंटे तक फंसे रहे। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक, रामसिया पटेल भैंस चराकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान टमस नदी के पास तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हुआ और पलट गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जमा हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-30 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

सूचना मिलते ही CSP महेंद्र सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। बातचीत के बाद रेडक्रॉस की ओर से अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया गया। करीब दो घंटे बाद पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी गई है और ट्रेलर चालक की भूमिका समेत दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
