मऊगंज: जनसुनवाई में कलेक्टर संजय कुमार जैन सख्त, आवेदनों पर तत्काल एक्शन
धान की ₹5.37 लाख का भुगतान तुरंत,सीमांकन-रास्ता-अवैध कब्जे पर 7 दिन में रिपोर्ट तलब
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने आमजन के आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता से आवेदन निपटाएं और आवेदक को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराएं। जनसुनवाई में भूमि विवाद, बकाया भुगतान और अवैध कब्जे से जुड़े कई मामले सामने आए।
धान की ₹5.37 लाख का भुगतान तुरंत
ग्राम पटेहरी निवासी जगमोहन पटेल ने समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान की शेष राशि 5 लाख 37 हजार 244 रुपये का भुगतान न होने की शिकायत की। कलेक्टर ने सहायक आपूर्ति अधिकारी को तुरंत भुगतान कराने के निर्देश दिए। ग्राम जोधपुर के महादेव बढ़ई और शिवराजपुर के पन्नालाल प्रजापति ने जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन दिया। इस पर तहसीलदार और नायब तहसीलदार नईगढ़ी को 7 दिन में मौके पर जाकर सीमांकन पूरा करने को कहा गया।

अवैध निर्माण को रोकने और कब्जा हटाने की मांग की
नईगढ़ी निवासी सरस्वती गुप्ता ने पट्टे की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने और कब्जा हटाने की मांग की। कलेक्टर ने तहसीलदार नईगढ़ी को तुरंत मौके पर जाकर कार्रवाई के आदेश दिए। ग्राम जमुहरा के दिनेश द्विवेदी के नक्शा तरमीम आवेदन पर भी नायब तहसीलदार नईगढ़ी को कार्यवाही करने को कहा। नईगढ़ी वार्ड-8 के रघुनंदन आदिवासी ने आम रास्ता बंद करने की शिकायत की। कलेक्टर ने सीएमओ नईगढ़ी को मौके पर जाकर रास्ता बहाल कराने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम पटेहरा के हरेन्द्र कुशवाहा ने शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण और रास्ते पर कब्जे की शिकायत की। इस पर नायब तहसीलदार पहाड़ी को तत्काल जांच कर कब्जा हटाने को कहा गया। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को जवाबदेही से काम करने की हिदायत दी। जनसुनवाई में राजस्व, नगर पालिका व आपूर्ति विभाग के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Varsha Shrivastava 
