नशे के खिलाफ एकजुट हुआ मऊगंज, छात्रों ने ली संकल्प शपथ
संदीपन स्कूल में चला हस्ताक्षर अभियान, बोले प्राचार्य: नशा छोड़ो, लक्ष्य जोड़ो
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 17 से 26 जून तक मनाए जा रहे नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को संदीपन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मऊगंज में विशाल जनजागरूकता कार्यक्रम और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में रमाशिव बहुदेशीय विकास समिति द्वारा किया गया।
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना उद्देश्य
"नशा मुक्त भारत, विकसित भारत की पहचान" विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अग्निवीरों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की विस्तार से जानकारी दी गई।

विद्यालय के प्राचार्य भोलानाथ उपाध्याय ने उपस्थित सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अग्निवीरों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही राष्ट्र की रीढ़ है। नशे की लत न सिर्फ व्यक्ति का जीवन बर्बाद करती है बल्कि पूरे परिवार को अंधकार में धकेल देती है। नशे से दूर रहकर ही युवा अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं और देश के विकास में योगदान दे सकते हैं।
विद्यालय में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया
इस दौरान विद्यालय परिसर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। अभियान में सैकड़ों विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि वे खुद नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे।

शिक्षिका किरण पांडेय और गायत्री पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि मादक पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य संबंधी गंभीर बीमारियों के साथ सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों को भी जन्म देता है। नशे की वजह से अपराध बढ़ते हैं और परिवार टूटते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें। खाली समय को किताबों, खेल और कला से भरें तो नशे की तरफ ध्यान ही नहीं जाएगा।
कार्यक्रम में सहयोगी उमेश रावत, बीनू यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का वचन दिया। नशा मुक्त भारत अभियान का लक्ष्य समाज में नशे के बढ़ते प्रचलन के प्रति जनचेतना फैलाना और विशेषकर युवाओं को सही दिशा देना है।
Varsha Shrivastava 
