जबलपुर में तेज रफ्तार का कहर: कार ने 13 मजदूरों को कुचला, 2 की मौत, 7 की हालत गंभीर

जबलपुर में तेज रफ्तार कार ने 13 मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 7 की हालत नाजुक है।

जबलपुर में तेज रफ्तार का कहर: कार ने 13 मजदूरों को कुचला, 2 की मौत, 7 की हालत गंभीर

जबलपुर। रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने 13 मजदूरों को रौंद दिया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों में से सात की हालत गंभीर है और उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक पर दोपहर करीब 2 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतक मजदूरों की पहचान चैनवती बाई (40 वर्ष) और लच्छो बाई (40 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक और घायल मजदूर मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के बिहारिया गांव के निवासी हैं और वे डेढ़ माह से जबलपुर में मजदूरी कर रहे थे।

घायलों में गीता बाई (40 वर्ष), गुमशा बाई (40 वर्ष), मीराबाई (45 वर्ष), राजकुमारी बाई (35 वर्ष), वर्षा कुशराम (45 वर्ष), जमुना बाई (40 वर्ष), कृष्णा बाई (40 वर्ष), होरी बाई (35 वर्ष), भगवती बाई (35 वर्ष), ज्ञानवती बाई (41 वर्ष) और लक्ष्मी गौंड (40 वर्ष) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसे से पहले मजदूर सड़क के डिवाइडर में लगी लोहे की जालियों की सफाई कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद वे वहीं बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बरेला से जबलपुर की ओर जा रही एक सफेद कार ने अचानक उन्हें कुचल दिया और चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बरेला थाना पुलिस और डायल 108 को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल भेजा।

घायल मजदूर महंत उइके ने बताया कि कार अचानक सामने आ गई और देखते ही देखते कई साथी सड़क पर गिर गए। जब तक हम कुछ समझ पाते, हमारी कई साथी घायल हो चुके थे।

बरेला थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के CCTV कैमरों और टोल नाकों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।