मऊगंज में बारिश बनी मुसीबत बारी नाले में बहा किशोर,घर गिरने से वृद्ध महिला की मौत कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा
मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त, पुल-पुलिया डूबी, स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी सैकड़ो कच्चे मकान हुए धराशाई, फसलों को भी नुकसान
राजेंद्र पयासी मऊगंज: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने अब आफत का रूप ले लिया है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जलभराव के हालात हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। बारिश के इसी कहर के बीच लौर थाना क्षेत्र के हटवा सोरैहान गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम निवासी 13 वर्षीय देवेंद्र कुमार सेन पिता राजकुमार सेन बुधवार को अपने साथियों के साथ गांव के समीप बहने वाले बारी नाला के किनारे गया था। हटवा और बारी टोला के बीच बहने वाले इस नाले में बारिश के कारण तेज उफान था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से देवेंद्र गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते तेज धारा में बह गया। घटना के बाद साथियों ने शोर मचाते हुए परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीओपी सचि पाठक एवं लौर थाना प्रभारी रीना सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद रीवा से एसडीईआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने नाले में उतरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं लगा था।

इलाके के दर्जनों गांव का संपर्क टूटा
जिले के अन्य हिस्सों में भी स्थिति गंभीर है,नईगढ़ी, हनुमना, देवतालाब और लौर मार्ग पर कई पुलियों पर 3 से 4 फीट पानी होने से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं। नईगढ़ी तहसील क्षेत्र के दुवगवा, जमुहरा,मड़ना,सेंगरवार, मौहरिया, इटारनगांव, सेनुआ सहित हनुमना एवं मऊगंज विकासखंड क्षेत्र के कई ग्रामों में जल भराव जैसे हालात के कारण लोगों के घरों में पानी भर गया कई मकान धराशाई हो गए हैं। लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर ने एहतियात के तौर पर जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में 3 सितंबर को छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अति आवश्यक होने पर ही घर से निकलें और नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं।

कच्चा मकान गिरने से वृद्ध महिला की मौत
इलाके में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है। नदी-नाले उफान पर हैं और कच्चे मकान लगातार धराशायी हो रहे हैं। इसी बीच नईगढ़ी थाना क्षेत्र के सेनुआ गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार तेज बारिश के कारण रघुवंश प्रसाद तिवारी का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय घर के अंदर उनकी 70 वर्षीय पत्नी सरोज तिवारी देवी मौजूद थीं, जो मलबे में दब गईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद वृद्धा को मलबे से बाहर निकाला। तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी लेकर पहुंचे। सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके पाठक ने बताया कि वृद्धा के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान वृद्ध महिला मौत हो गई।

जल-भराव वाले गांव में पहुंचे अधिकारी, प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ जैसे हालात के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने अधिकारियों के दल के साथ वर्षा प्रभावित गांवों और जलभराव वाले क्षेत्रों का सघन निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत नईगढ़ी क्षेत्र से हुई, जहां जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और वर्षा से हुए नुकसान व स्थानीय समस्याओं को सुना। कलेक्टर जैन ने कहा कि लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलस्तर की 24 घंटे सतत निगरानी की जाए और ग्रामीणों को पल-पल की जानकारी दी जाए। संवेदनशील और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

कलेक्टर की अपील - नदी-नालों के पास न जाएं
कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास बिल्कुल न जाएं। उन्होंने कहा, "घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन पूरी तरह तैयार है। किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन, पुलिस और बचाव दल लगातार निगरानी कर रहे हैं।
एसपी ने कहा-जलमग्न पुल-पुलिया पर आवाजाही बंद करो
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने कानून व्यवस्था की दृष्टि से सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया कि जलमग्न पुल और पुलियाओं पर तत्काल आवागमन रोका जाए। बैरिकेडिंग लगाई जाए। एसपी ने कहा, किसी भी व्यक्ति को अपनी जान खतरे में डालकर गहरे पानी में जाने की अनुमति न दी जाए। होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जहां भी जरूरत हो, राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जाए।इस दौरान तहसीलदार सहित राजस्व, पुलिस और पंचायत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


