Indore Collector Jansunwai : युवक ने केरोसिन डालकर किया आत्मदाह का प्रयास, DJ गाड़ी विवाद में कार्रवाई की मांग
Indore Collector Jansunwai : एसडीएम ने युवक से पूरे मामले की जानकारी ली। युवक का आरोप है कि डीजे गाड़ी को लेकर हुए विवाद में वह मानसिक रूप से परेशान है।
Indore Collector Jansunwai : मध्य प्रदेश। इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। युवक को ऐसा करते देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों, अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और एसडीएम कार्यालय ले जाकर बैठाया। एसडीएम ने युवक से पूरे मामले की जानकारी ली। युवक का आरोप है कि डीजे गाड़ी को लेकर हुए विवाद में वह मानसिक रूप से परेशान है। फिलहाल प्रशासन ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
दरअसल, इंदौर के जमानिया खुर्द निवासी आकाश पिता सुरेश अपने पार्टनर शुभम के साथ डीजे गाड़ी का कारोबार करता है। आकाश के मुताबिक उसने शुभम कुशवाह और उसके भाई गोलू कुशवाहा से 11 लाख 20 हजार रुपये में डीजे गाड़ी का सौदा किया था। इस सौदे के दौरान उसने दो लाख रुपये एडवांस दिए और गाड़ी अपने साथ ले आया। इसके बाद अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए भी आरोपियों को करीब एक लाख 38 हजार रुपये दिए गए।

वही आकाश का दावा है कि उसने गाड़ी में करीब 9 से 10 लाख रुपये का डीजे उपकरण भी लगवाया था। छह महीने बाद बाकी राशि देने की बात तय हुई थी, लेकिन समय पर भुगतान नहीं हो सका। जिसके बाद दोनों भाइयों ने बुकिंग का हवाला देकर आकाश के पार्टनर को गाड़ी आईटी पार्क के पास बुलाया और वहां से गाड़ी लेकर चले गए।
आकाश का कहना है कि गाड़ी वापस मांगने पर उससे 75 हजार रुपये प्रतिमाह किराए की मांग की जा रही है और करीब 10 लाख रुपये बकाया बताए जा रहे हैं। वही पूरे मामले से प्रताड़ित होकर आकाश कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचा था।

वहीं इस मामले में एसडीएम घनश्याम धनगर ने कहा कि दोनों पक्षों को सुना जाएगा और जांच के बाद कार्रवाई होगी। कलेक्टर कार्यालय में आत्महत्या का प्रयास करने को लेकर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

