रिजवान, सलमान और इमाम ने ड्रेसिंग रूम में ऐसा क्या कर दिया कि PCB के सामने पेशी की नौबत आ गई

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोहम्मद रिजवान, इमाम उल हक और सलमान अली आगा को ड्रेसिंग रूम में कथित खराब व्यवहार को लेकर PCB की कमेटी के सामने पेश होना पड़ सकता है.

रिजवान, सलमान और इमाम ने ड्रेसिंग रूम में ऐसा क्या कर दिया कि PCB के सामने पेशी की नौबत आ गई

पाकिस्तान क्रिकेट टीम में इन दिनों ‘क्लीन अप’ अभियान की चर्चा है. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद टीम से सात खिलाड़ियों को वापस पाकिस्तान भेजा गया. इनमें मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा और इमाम उल हक भी शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन तीनों खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने की वजह सिर्फ खराब प्रदर्शन नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में उनके कथित खराब व्यवहार को भी बताया जा रहा है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा और इमाम उल हक को ड्रेसिंग रूम में उनके व्यवहार को लेकर एक कमेटी के सामने पेश होना पड़ सकता है. इस दौरान तीनों खिलाड़ियों से उनके आचरण को लेकर सफाई मांगी जा सकती है.

वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे की घटनाओं से जुड़ा मामला

मीडिया रिपोर्ट में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि तीनों खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई का मामला वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे के दौरान हुई कुछ घटनाओं से जुड़ा है. रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों को वापस भेजने का फैसला अंतरिम रेड बॉल कोच माइक हेसन की सलाह पर भी लिया गया था. हेसन वाइट बॉल कैंप के दौरान कुछ नए खिलाड़ियों के साथ काम कर चुके थे और उन्हें टीम में मौका देना चाहते थे.

हालांकि, रिजवान, सलमान और इमाम को लेकर मामला सिर्फ टीम में नए खिलाड़ियों को मौका देने तक सीमित नहीं बताया जा रहा है. PCB की ओर से उनके व्यवहार को लेकर भी जवाब मांगा जा सकता है.

चयन समिति में भी बड़े बदलाव के संकेत

पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बदलाव का असर अब चयन समिति पर भी पड़ सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि PCB के सीनियर चयनकर्ता आकिब जावेद को उनकी मौजूदा भूमिका से हटाया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक, आकिब जावेद को लाहौर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में डेवलपमेंट डायरेक्टर की भूमिका पर ज्यादा ध्यान देने के लिए कहा जा सकता है. वहीं, नेशनल टीम के एक अन्य चयनकर्ता मिस्बाह उल हक के इस्तीफे की पेशकश की भी चर्चा है. रिपोर्ट्स में PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी की ओर से चयन व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव किए जाने की बात कही गई है.

रिजवान और इमाम के चयन पर भी मांगा गया जवाब

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने चयन समिति और एडवायजरी कमेटी को नोटिस भेजकर इंग्लैंड दौरे के लिए मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक के चयन को लेकर भी जवाब मांगा है.

बताया जा रहा है कि इंग्लैंड दौरा खत्म होने के बाद नई चयन समिति का ऐलान किया जा सकता है. बोर्ड रेड बॉल क्रिकेट के लिए माइक हेसन को स्थायी कोच बनाने पर भी विचार कर रहा है. हालांकि, इसके लिए हेसन की सहमति जरूरी होगी.

अगर हेसन स्थायी रेड बॉल कोच बनने के लिए तैयार नहीं होते हैं तो PCB किसी दूसरे व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दे सकता है. पाकिस्तान बोर्ड नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले टेस्ट टीम के लिए स्थायी कोच नियुक्त करना चाहता है.

सरफराज अहमद और उमर गुल को भी नई जिम्मेदारी?

लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को उनके पद से हटाया जा चुका है.

हालांकि, दोनों के भविष्य को लेकर PCB में चर्चा जारी है. ऐसी अटकलें हैं कि बोर्ड सरफराज अहमद और उमर गुल को टीम से जुड़े किसी दूसरे असाइनमेंट की जिम्मेदारी दे सकता है. पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट 9 सितंबर को बर्मिंघम में खेलना है. इस मुकाबले के लिए माइक हेसन को अंतरिम हेड कोच की जिम्मेदारी दी गई है.