Dr. Mohan Yadav ने जबलपुर में 96 पुलिस आवास और हाईटेक तिलवारा थाने का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर दौरे के दौरान 96 आधुनिक पुलिस आवासों और हाईटेक तिलवारा थाने का लोकार्पण किया. जानिए क्या बोले मुख्यमंत्री और कैसे मजबूत होगी कानून व्यवस्था.
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जबलपुर दौरे के दौरान जिले को विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने घमापुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए 96 आधुनिक बहुमंजिला आवासों का लोकार्पण किया। लंबे समय से पुलिस कर्मियों के आवास की समस्या को देखते हुए तैयार किए गए इन भवनों से अब पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नर्मदा तट पर बने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए तिलवारा थाने का भी उद्घाटन किया। आधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों से सुसज्जित यह थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राज्य के विकास की मजबूत नींव सुशासन है और सुशासन तभी संभव है, जब कानून व्यवस्था मजबूत और प्रभावी हो.
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। नए पुलिस आवासों से पुलिसकर्मियों का जीवन स्तर बेहतर होगा, जबकि हाईटेक तिलवारा थाना नागरिकों को तेज, पारदर्शी और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा.
नर्मदा किनारे बने इस नए थाने में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा संबंधी सेवाएं पहले से अधिक प्रभावी तरीके से मिल सकेंगी.
Anubhav Dubey 
