BCCI Review Meeting : टीम इंडिया के प्रदर्शन पर BCCI की बड़ी बैठक, गंभीर-अगरकर समेत दिग्गज होंगे शामिल
BCCI Review Meeting : इस समीक्षा बैठक में हेड कोच गौतम गंभीर, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख VVS लक्ष्मण शामिल होंगे।
BCCI Review Meeting : स्पोर्ट्स डेस्क। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद BCCI ने समीक्षा बैठक बुलाई है। यह बैठक गुरुवार को मुंबई स्थित बोर्ड मुख्यालय में होगी। इसमें हेड कोच गौतम गंभीर, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख VVS लक्ष्मण शामिल होंगे। बैठक में विदेशी दौरों पर टीम के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। साथ ही 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
इंजरी और खिलाड़ियों के वर्कलोड पर चर्चा
बैठक में खिलाड़ियों की फिटनेस और इंजरी का मुद्दा भी अहम रहेगा। IPL के दौरान खिलाड़ियों पर पड़ने वाले वर्कलोड की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा टीम मैनेजमेंट, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और चयन समिति के बीच कम्यूनिकेशन पर भी चर्चा होगी। BCCI यह समझने की कोशिश करेगा कि खिलाड़ियों की फिटनेस से जुड़ी जानकारी चयन प्रक्रिया तक समय पर कैसे पहुंचे और इंजरी के मामलों को बेहतर तरीके से कैसे संभाला जाए।
आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से मिली हार
भारत को जून में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। यह T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद करीब तीन साल में भारत की 16 सीरीज के बाद पहली T20 सीरीज हार थी। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर भी टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। लगातार खराब नतीजों के बाद BCCI ने टीम के प्रदर्शन की समीक्षा का फैसला किया।
इंग्लैंड दौरे पर भी निराशाजनक प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज में भारत को 0-4 से हार मिली। नॉटिंघम में टीम को 125 रन से बड़ी हार का सामना करना पड़ा। वनडे सीरीज में भारत ने पहला मुकाबला जीता, लेकिन इसके बाद दोनों मैच गंवा दिए। नतीजतन भारत को तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-2 से गंवानी पड़ी। BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने इन नतीजों के बाद प्रदर्शन की समीक्षा की बात कही थी।
बुमराह की फिटनेस की जानकारी पर सवाल
बैठक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और चयन समिति के बीच तालमेल पर भी चर्चा होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ मामलों में खिलाड़ियों की फिटनेस से जुड़ी जानकारी समय पर चयन समिति तक नहीं पहुंची। जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर भी ऐसा मामला सामने आने की बात कही गई है। इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर की चोट और साई सुदर्शन की रिकवरी में अपेक्षा से ज्यादा समय लगने पर भी चर्चा हो सकती है।
चार खिलाड़ियों का 9 सितंबर को फिटनेस टेस्ट
IPL के वर्कलोड का खिलाड़ियों की फिटनेस पर असर भी बैठक में उठाया जाएगा। अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज के लिए चुने गए जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नीतिश रेड्डी और हर्षित राणा की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर है। चारों खिलाड़ियों का 9 सितंबर को फिटनेस टेस्ट होना है। BCCI तेज गेंदबाजों के पूल को फिट रखने और इंजरी के मामलों को कम करने की रणनीति पर भी चर्चा करेगा।
2027 वर्ल्ड कप के लिए हार्दिक की फिटनेस अहम
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकती है। चयन समिति 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजना में उन्हें महत्वपूर्ण खिलाड़ी मान रही है। फिलहाल वह वनडे में करीब 5 से 6 ओवर ही गेंदबाजी कर पा रहे हैं। ऐसे में BCCI और टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस और रिकवरी को लंबे समय तक बनाए रखने की योजना पर चर्चा कर सकते हैं।

